Dark Mode
मर्दानी 3 पर सेलेब्स भी हुए कायल

मर्दानी 3 पर सेलेब्स भी हुए कायल

 

  • गौरी खान ने रानी की परफॉर्मेंस को बताया जबरदस्त

  • मर्दानी फ्रेंचाइजी इस बार संवेदनशील मुद्दे पर केंद्रित

 

मुंबई। रानी मुखर्जी की एक्शन ड्रामा फिल्म मर्दानी 3 ने सिनेमाघरों में रिलीज होते ही मजबूत पकड़ बना ली है। तीन साल बाद बड़े पर्दे पर लौटी रानी एक बार फिर मुंबई क्राइम ब्रांच की निडर अफसर शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में नजर आ रही हैं, जिसे दर्शकों से जबरदस्त सराहना मिल रही है।

फिल्म को लेकर अब बॉलीवुड से भी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। अभिनेता शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान ने सोशल मीडिया पर रानी मुखर्जी की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा कि मर्दानी 3 बेहद रोमांचक फिल्म है और रानी की परफॉर्मेंस शानदार है। साथ ही उन्होंने इस फिल्म को हर किसी के लिए देखने लायक बताया।

इस बार मर्दानी 3 की कहानी 8–9 साल की मासूम बच्चियों के अपहरण जैसे संवेदनशील अपराध के इर्द-गिर्द बुनी गई है। खास बात यह है कि फिल्म में रानी का सामना किसी पुरुष अपराधी से नहीं, बल्कि एक महिला विलेन से होता है। अभिनेत्री मल्लिका प्रसाद ‘अम्मा’ नाम के किरदार में एक चालाक और खतरनाक विलेन की भूमिका निभा रही हैं।

फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों में मानव तस्करी और यौन अपराध जैसे मुद्दों को उठाया गया था। तीसरी फिल्म भी उसी गंभीरता को आगे बढ़ाती है। मर्दानी 3 का निर्देशन अभिराज मीनावाला ने किया है, जबकि यश राज फिल्म्स के बैनर तले आदित्य चोपड़ा इसके निर्माता हैं। कहानी लेखक आयुष गुप्ता ने लिखी है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!