Dark Mode
‘राणाबली’ की शूटिंग पूरी, 130 दिन बाद निर्देशक ने कहा थैंक्यू

‘राणाबली’ की शूटिंग पूरी, 130 दिन बाद निर्देशक ने कहा थैंक्यू

मुंबई। लंबे समय से चर्चा में बनी हुई निर्देशक राहुल सांकृत्यायन की पीरियड एक्शन ड्रामा फिल्म ‘राणाबली’ की शूटिंग पूरी हो गई है। मेकर्स ने गुरुवार को फिल्म का शूटिंग शेड्यूल खत्म होने की जानकारी साझा की। निर्देशक ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर इस सफर को याद किया और पूरी टीम का शुक्रिया अदा किया।

राहुल सांकृत्यायन ने अपनी पोस्ट में 130 दिनों की शूटिंग को याद करते हुए टीम को अपनी “लगातार और बेचैन आर्मी” बताया। उन्होंने फिल्म से जुड़े कलाकारों और मेकर्स को भी पोस्ट में टैग किया। उनके इस अपडेट के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता एक बार फिर बढ़ गई है।

फिल्म में विजय देवरकोंडा मुख्य किरदार राणाबली के रूप में दिखाई देंगे। वहीं, रश्मिका मंदाना उनकी पत्नी जयम्मा की भूमिका निभा रही हैं। हॉलीवुड अभिनेता अर्नोल्ड वोस्लू भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं और वह विलेन सर थियोडोर हेक्टर का किरदार निभाते नजर आएंगे। वोस्लू को ‘द ममी’ जैसी फिल्मों में उनके काम के लिए जाना जाता है।

‘राणाबली’ की कहानी 19वीं सदी के ब्रिटिश दौर में रखी गई है। फिल्म का कथानक 1854 से 1878 के बीच हुई ऐतिहासिक घटनाओं की पृष्ठभूमि से जुड़ा बताया जा रहा है। मेकर्स इसे बड़े स्तर पर तैयार कर रहे हैं और कहानी को उस दौर की परिस्थितियों के इर्द-गिर्द पेश किया जाएगा।

फिल्म से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, कहानी उन घटनाओं से प्रेरित है जिन्हें इतिहास की मुख्यधारा की किताबों में ज्यादा जगह नहीं मिली। सूत्रों का यह भी दावा है कि फिल्म 1850 से 1900 के बीच के दौर की कई घटनाओं, मौखिक इतिहास और दबे हुए रिकॉर्ड से प्रेरणा लेकर उस समय को सिनेमाई अंदाज में पेश करेगी।

हालांकि, ‘राणाबली’ को किसी एक ऐतिहासिक व्यक्ति की बायोपिक नहीं बताया गया है। यह किसी किताब की सीधी कहानी भी नहीं है। इसके बजाय फिल्म में अलग-अलग वास्तविक घटनाओं और कहानियों को मिलाकर एक ऐतिहासिक दौर को पर्दे पर दोबारा रचने की कोशिश की गई है।

इस बड़े प्रोजेक्ट को नवीन यरनेनी और वाई. रविशंकर प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि टी-सीरीज इसे प्रस्तुत कर रही है। फिल्म की रिलीज डेट में भी बदलाव किया गया है। पहले ‘राणाबली’ 11 सितंबर को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब यह 16 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!