Dark Mode
रवि दुबे ने पत्नी सरगुन मेहता को बताया अपनी प्रेरणा, जमकर की तारीफ

रवि दुबे ने पत्नी सरगुन मेहता को बताया अपनी प्रेरणा, जमकर की तारीफ

मुंबई। अभिनेता रवि दुबे और अभिनेत्री सरगुन मेहता की जोड़ी टीवी इंडस्ट्री की चर्चित जोड़ियों में शामिल है। दोनों न सिर्फ अपनी निजी जिंदगी में एक-दूसरे का साथ निभा रहे हैं, बल्कि प्रोफेशनल लाइफ में भी मिलकर नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। हाल ही में क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में रवि दुबे ने अपनी पत्नी सरगुन की खूबियों का जिक्र करते हुए दिल की बात कही।

शो के दौरान रवि ने बताया कि वह अपनी जिंदगी में सबसे ज्यादा सम्मान सरगुन का करते हैं। उनके मुताबिक, सरगुन जैसी शख्सियत उन्होंने आज तक नहीं देखी। वह एक अच्छी बेटी, बेहतरीन बहन और भरोसेमंद दोस्त होने के साथ-साथ शानदार पत्नी भी हैं। रवि ने उन्हें एक सफल बिजनेसवुमन बताते हुए कहा कि उनके पास हमेशा नए और अलग विचार होते हैं।

रवि ने सरगुन की सबसे बड़ी खूबी उनके विचारों को हकीकत में बदलने की क्षमता को बताया। उन्होंने कहा कि सरगुन सिर्फ नए आइडिया सोचती ही नहीं हैं, बल्कि उन्हें शुरुआत से लेकर अंतिम मुकाम तक पहुंचाने का हुनर भी रखती हैं। रवि का मानना है कि ये खूबियां उनके खुद के व्यक्तित्व में शायद कभी नहीं आ सकतीं।

अभिनेता ने अपनी कमियों का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह सरगुन को देखते हैं और उनके अंदर इतनी सारी अच्छी बातें पाते हैं, तो उनकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाते। उन्होंने खुद को बेहद भाग्यशाली बताया कि सरगुन उनकी पत्नी हैं। रवि की ये बातें उनके रिश्ते में मौजूद आपसी सम्मान और एक-दूसरे के प्रति भरोसे को बयां करती हैं।

ऐसे शुरू हुई थी दोनों की प्रेम कहानी

रवि और सरगुन की पहली मुलाकात साल 2009 में टीवी शो '12/24 करोल बाग' के सेट पर हुई थी। इस धारावाहिक में दोनों ने पति-पत्नी की भूमिका निभाई थी। साथ काम करने के दौरान दोनों की दोस्ती गहरी हुई और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई।

साल 2012 में डांस रियलिटी शो 'नच बलिए 5' के दौरान रवि ने सरगुन को शादी के लिए प्रपोज किया था। इसके बाद दोनों ने 7 दिसंबर 2013 को चंडीगढ़ में शादी कर ली। तब से दोनों निजी जिंदगी के साथ-साथ अपने करियर में भी एक-दूसरे का मजबूती से साथ दे रहे हैं।

एक्टिंग के साथ प्रोडक्शन में भी बनाई पहचान

रवि और सरगुन ने अभिनय के अलावा प्रोडक्शन के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। साल 2019 में दोनों ने 'ड्रीमियाटा एंटरटेनमेंट' नाम से अपना प्रोडक्शन हाउस शुरू किया। इसके बैनर तले कई टीवी शोज और पंजाबी फिल्मों का निर्माण किया गया है।

उनके चर्चित टीवी प्रोजेक्ट्स में 'उड़ारियां', 'स्वर्ण घर' और 'जुनूनियत' शामिल हैं। वहीं, पंजाबी सिनेमा में बतौर निर्माता उनकी फिल्मों में 'काला शाह काला', 'सौंकन सौंकने' और 'सौंकन सौंकने 2' के नाम शामिल हैं। दोनों की यह साझेदारी बताती है कि उनका रिश्ता सिर्फ निजी जिंदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि काम के मोर्चे पर भी दोनों एक-दूसरे की ताकत बने हुए हैं।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!