आयुष्मान की 'उड़ता तीर' पर फिदा हुईं आयशा खान, बोलीं- पैसा वसूल फिल्म
मुंबई। अभिनेता आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘उड़ता तीर’ इन दिनों चर्चा में है। क्रॉस-बॉर्डर जासूसी और कॉमेडी के मेल से बनी इस फिल्म की अभिनेत्री आयशा खान ने जमकर तारीफ की है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म को मनोरंजक बताते हुए दर्शकों से इसे सिनेमाघरों में देखने की अपील की।
आयशा ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर फिल्म के एक कॉमिक सीन की क्लिप साझा की। इसमें आयुष्मान खुराना के साथ अभिनेता संदीप आनंद नजर आ रहे हैं। इस सीन को पसंद करते हुए आयशा ने संदीप की परफॉर्मेंस की खास तौर पर सराहना की। उन्होंने बताया कि वह संदीप की बड़ी प्रशंसक हैं और उन्हें पर्दे पर देखकर काफी खुशी हुई।
अभिनेत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि संदीप आनंद ने शानदार अभिनय किया है और उनके किरदार तारिक ने खूब मनोरंजन किया। आयशा ने आयुष्मान खुराना की मौजूदगी को भी फिल्म की खासियत बताया। उनके मुताबिक, आयुष्मान की कॉमिक टाइमिंग फिल्म को और मजेदार बना देती है।
'पैसा वसूल' बताई फिल्म
आयशा खान ने फिल्म की कहानी, संवाद और कलाकारों की परफॉर्मेंस की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि फिल्म देखते समय उन्हें बिल्कुल बोरियत महसूस नहीं हुई। उनके अनुसार, इसमें किरदारों की कॉमिक टाइमिंग अच्छी है और कई सीन हंसने पर मजबूर कर देते हैं।
अभिनेत्री ने फिल्म के बैकग्राउंड म्यूजिक और क्लाइमैक्स को भी प्रभावशाली बताया। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि वे अपने परिवार के साथ थिएटर पहुंचकर फिल्म देखें। आयशा के शब्दों में, यह मनोरंजन के लिहाज से पैसा वसूल फिल्म है।
दर्शकों की राय मिली-जुली
हालांकि, फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं पूरी तरह एक जैसी नहीं हैं। कई दर्शकों को इसका पहला हाफ पसंद आ रहा है, जहां तेज रफ्तार कहानी, सिचुएशनल कॉमेडी और मजेदार वन-लाइनर्स मनोरंजन करते हैं। वहीं, कुछ दर्शकों का मानना है कि दूसरे हाफ में कहानी की गति धीमी पड़ जाती है और आगे की घटनाओं का अंदाजा लगाना आसान हो जाता है।
फिल्म के दूसरे हिस्से में जासूसी और हास्य के साथ देशभक्ति का पहलू भी उभरता है। कुछ दर्शकों को जॉनर में यह बदलाव कहानी के प्रवाह को प्रभावित करता हुआ नजर आया है।
आयुष्मान की कॉमिक टाइमिंग चर्चा में
फिल्म में आयुष्मान खुराना की कॉमिक टाइमिंग और उलझन भरे एक्सप्रेशंस को सराहना मिल रही है। उनके साथ सारा अली खान और सहायक कलाकारों राम कपूर, गुलशन ग्रोवर तथा मुकुल देव के काम को भी दर्शकों ने पसंद किया है।
अब देखना होगा कि दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया के बीच ‘उड़ता तीर’ आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है।