Dark Mode
शाहिद-मीरा के तीसरे बच्चे पर लगा विराम, एक्ट्रेस ने कही ये बात

शाहिद-मीरा के तीसरे बच्चे पर लगा विराम, एक्ट्रेस ने कही ये बात

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर और उनकी पत्नी मीरा राजपूत के परिवार को लेकर लंबे समय से तीसरे बच्चे की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब मीरा ने इन चर्चाओं पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए साफ कर दिया है कि वह और शाहिद फिलहाल परिवार बढ़ाने के बारे में नहीं सोच रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि उनका परिवार पूरा हो चुका है।

दरअसल, एक शो के आगामी एपिसोड के प्रोमो में मीरा राजपूत और करीना कपूर के बीच दिलचस्प बातचीत देखने को मिली। इस दौरान करीना ने मीरा से पूछा कि उन्होंने अपने बारे में अब तक की सबसे अजीब अफवाह कौन-सी सुनी है? जवाब में मीरा ने बताया कि उनके और शाहिद के तीसरे बच्चे को लेकर अक्सर खबरें और चर्चाएं सामने आती रहती हैं।

मीरा की बात सुनकर करीना ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'हो भी सकता है।' इस पर मीरा ने तुरंत जवाब दिया, 'बिल्कुल नहीं, हमारा परिवार पूरा हो चुका है।' उनके इस जवाब से तीसरे बच्चे को लेकर चल रही चर्चाओं पर काफी हद तक विराम लग गया।

इस मुलाकात की झलक सोशल मीडिया पर भी देखने को मिली। करीना ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर शो के सेट से मीरा के साथ एक तस्वीर साझा की थी। उन्होंने मीरा को प्यारा इंसान बताया। वहीं, मीरा ने करीना की पोस्ट को रीशेयर करते हुए शो में आमंत्रित करने के लिए उनका आभार जताया।

करीना और मीरा की मुलाकात क्यों रही खास?

इस बातचीत ने लोगों का ध्यान इसलिए भी खींचा, क्योंकि करीना कपूर और शाहिद कपूर कभी एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में थे। एक समय दोनों बॉलीवुड के चर्चित कपल्स में गिने जाते थे। उनकी प्रेम कहानी की शुरुआत साल 2004 में फिल्म 'फिदा' की शूटिंग के दौरान हुई थी।

इसके बाद दोनों ने 'चुप चुप के', '36 चाइना टाउन' और 'जब वी मेट' जैसी फिल्मों में साथ काम किया। हालांकि, साल 2007 में फिल्म 'जब वी मेट' की शूटिंग के दौरान दोनों का रिश्ता खत्म हो गया था। इसके बाद दोनों ने अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़कर नए रिश्ते बनाए।

दोनों की अपनी-अपनी दुनिया में बसी है खुशहाल जिंदगी

करीना कपूर ने अक्टूबर 2012 में अभिनेता सैफ अली खान से शादी की थी। इस जोड़ी के दो बेटे तैमूर और जहांगीर हैं। वहीं, शाहिद कपूर ने जुलाई 2015 में मीरा राजपूत के साथ सात फेरे लिए थे। उनके परिवार में बेटी मीशा और बेटा जैन हैं।

अब मीरा और करीना की इस सहज बातचीत ने एक बार फिर बॉलीवुड के पुराने रिश्तों और मौजूदा समीकरणों को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ा दी है।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!