माधुरी दीक्षित संग थिरकीं शरवरी, वीडियो ने खींचा ध्यान
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री शरवरी वाघ के लिए अपनी पसंदीदा अदाकारा माधुरी दीक्षित के साथ डांस करना किसी सपने के पूरा होने से कम नहीं रहा। दोनों अभिनेत्रियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वे शरवरी की आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के टाइटल सॉन्ग पर थिरकती नजर आ रही हैं। दोनों के डांस स्टेप्स का तालमेल इस खास मुलाकात को और भी दिलचस्प बना रहा है।
वीडियो में शरवरी पीच कलर के अनारकली सूट में दिखाई दे रही हैं। कुछ देर बाद माधुरी दीक्षित भी पिंक साड़ी और मैचिंग चूड़ियों में उनके साथ डांस करती नजर आती हैं। दोनों की जुगलबंदी ने प्रशंसकों का ध्यान खींचा है।
शरवरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो साझा करते हुए माधुरी के प्रति अपना प्यार और सम्मान जाहिर किया। उन्होंने लिखा कि राजश्री फिल्मों की दिग्गज अभिनेत्रियों में शामिल माधुरी दीक्षित से इतना स्नेह पाकर वह खुद को खुशकिस्मत मानती हैं। शरवरी ने माधुरी को अपना आइडल बताते हुए उनके साथ डांस करने के अनुभव को सपने के सच होने जैसा बताया और उन्हें धन्यवाद भी दिया।
आयुष्मान के साथ नजर आएंगी शरवरी
शरवरी की आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ एक रोमांटिक पारिवारिक ड्रामा है। फिल्म का निर्देशन सूरज आर. बड़जात्या ने किया है। इसमें शरवरी के साथ आयुष्मान खुराना मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में अनुपम खेर, सीमा पाहवा, सुप्रिया पाठक, सौम्या टंडन, स्वानंद किरकिरे और शाद रंधावा भी अहम किरदार निभा रहे हैं।
फिल्म का निर्माण राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स ने मिलकर किया है। इसके गानों को लेकर भी दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। इससे पहले फिल्म के ‘जय अंबे बोल’ और ‘झुमका पटोला’ जैसे गाने सामने आ चुके हैं।
फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब दर्शकों को पर्दे पर शरवरी और आयुष्मान की जोड़ी देखने का इंतजार है।