Dark Mode
सिद्धार्थ-कियारा से मिले वरुण धवन, फोटो के कैप्शन ने खींचा ध्यान

सिद्धार्थ-कियारा से मिले वरुण धवन, फोटो के कैप्शन ने खींचा ध्यान

मुंबई। बॉलीवुड में कलाकारों के बीच दोस्ती और प्रतिद्वंद्विता की चर्चाएं अक्सर होती रहती हैं। लेकिन अभिनेता वरुण धवन ने अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ अपने रिश्ते को लेकर चल रही अटकलों पर मजेदार अंदाज में जवाब दिया है। वरुण ने सिद्धार्थ और उनकी पत्नी कियारा आडवाणी के साथ एक तस्वीर साझा की, जिसके कैप्शन ने फैंस का ध्यान खींच लिया।

तस्वीर में तीनों कलाकार एक साथ नजर आ रहे हैं। वहीं, बैकग्राउंड में कियारा मजेदार अंदाज में पोज देती दिखाई दे रही हैं। सिद्धार्थ भी अपनी पत्नी के बेबी बंप को कैमरे से छिपाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ वरुण ने लिखा, "बहस जरूर हुई है, लेकिन मेरे भाई के साथ कभी कोई प्रतिद्वंद्विता नहीं रही। मेहमाननवाजी के लिए धन्यवाद, भाभी जी।"

वरुण के इस पोस्ट को सिद्धार्थ के साथ उनकी पुरानी दोस्ती से जोड़कर देखा जा रहा है। दोनों ने साल 2012 में करण जौहर की फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसी फिल्म से आलिया भट्ट ने भी अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। फिल्म की सफलता के बाद तीनों कलाकारों ने इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई।

हालांकि, पहली फिल्म के बाद वरुण और सिद्धार्थ किसी दूसरी फिल्म में साथ नजर नहीं आए, लेकिन उनके बीच दोस्ती का रिश्ता बना रहा। दोनों कई बार सार्वजनिक मंचों पर एक-दूसरे के बारे में बात कर चुके हैं।

'कॉफी विद करण' में भी दिखी थी दोस्ती

साल 2023 में वरुण धवन और सिद्धार्थ मल्होत्रा फिल्ममेकर करण जौहर के चर्चित चैट शो 'कॉफी विद करण' में एक साथ पहुंचे थे। इस दौरान दोनों ने अपनी दोस्ती और पुराने दिनों से जुड़े कई किस्से साझा किए थे। उन्होंने बताया था कि फिल्मी करियर की अलग-अलग राहों पर आगे बढ़ने के बावजूद वे एक-दूसरे के संपर्क में रहे हैं।

वरुण की कियारा आडवाणी के साथ भी अच्छी बॉन्डिंग है। दोनों ने साल 2022 में रिलीज हुई फैमिली एंटरटेनर फिल्म 'जुग जुग जियो' में साथ काम किया था। फिल्म में दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने पसंद किया था। ऐसे में सिद्धार्थ और कियारा के साथ वरुण की यह मुलाकात भी उनके पुराने फिल्मी रिश्तों की याद दिलाती है।

दूसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं सिद्धार्थ-कियारा

सिद्धार्थ और कियारा की निजी जिंदगी भी इन दिनों चर्चा में है। इस कपल ने जुलाई 2025 में अपनी पहली संतान के रूप में बेटी का स्वागत किया था। इसके बाद 7 अक्टूबर 2026 को दोनों ने सोशल मीडिया पर दूसरी प्रेग्नेंसी की खबर साझा की।

जॉइंट पोस्ट में उनकी बेटी साराया छोटे बच्चों के मोजे पकड़े नजर आई। इसके साथ कपल ने लिखा, "हमें एक बार फिर सबसे बेहतरीन तोहफा मिला है। हमारा दिल प्यार और कृतज्ञता से भरा हुआ है।" इस पोस्ट के बाद फैंस और फिल्मी सितारों ने उन्हें बधाइयां दीं।

वहीं, वरुण धवन भी अपनी पारिवारिक जिंदगी का आनंद ले रहे हैं। उन्होंने पत्नी नताशा दलाल के साथ जून 2024 में बेटी लारा का स्वागत किया था। अब सिद्धार्थ-कियारा के साथ उनकी तस्वीर ने एक बार फिर बॉलीवुड की इस दोस्ताना बॉन्डिंग को सुर्खियों में ला दिया है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!