Dark Mode
व्यय प्रेक्षक कुनाल अनुज ने किया मीडिया एवं एमसीएमसी प्रकोष्ठ का निरीक्षण

व्यय प्रेक्षक कुनाल अनुज ने किया मीडिया एवं एमसीएमसी प्रकोष्ठ का निरीक्षण

सवाई माधोपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा आम चुनाव 2023 के लिए नियुक्त किए गए व्यय प्रेक्षक कुनाल अनुज ने मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार ओला एवं पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला के साथ मीडिया एवं एमसीएमसी प्रकोष्ठ, सी-विजिल, अभय कमाण्ड एवं कन्ट्रोल रूम का निरीक्षण किया।
व्यय प्रेक्षक ने निरीक्षण के दौरान सहायक निदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क हेमन्त सिंह से मीडिया एवं एमसीएमसी प्रकोष्ठ द्वारा विधानसभा चुनाव 2023 से संबंधित विज्ञापन अधिप्रमाणन, सोशल मीडिया पर उम्मीदवारों व पार्टी द्वारा किए जा रहे प्रचार, पोस्टर, पेम्फलेट आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
सहायक निदेशक हेमन्त सिंह ने व्यय प्रेक्षक को अवगत कराया कि मीडिया एवं एमसीएमसी प्रकोष्ठ द्वारा विभिन्न समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित की जाने वाली पेडन्यूज एवं फेक न्यूज की नियमित निगरानी की जा रही है। साथ ही समाचार पत्रों की कटिंग में से आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के प्रकरणों का चिन्हीकरण कर आचार संहिता प्रकोष्ठ के माध्यम से मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भिजवाया जा रहा है। प्रकोष्ठ द्वारा प्रतिदिन सीईओ, डीईओ, एटी टीम को सूचना प्रेषित की जा रही है। विभिन्न टीवी चैनल तथा कैबल पर किसी प्रकार का राजनैतिक विज्ञापन तथा चुनाव प्रचार पट्टी इत्यादि पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
इस दौरान व्यय प्रेक्षक ने मीडिया एवं एमसीएमसी प्रकोष्ठ द्वारा किए जा रहे कार्यो पर संतोष व्यक्त किया तथा निर्देशित किया कि जैसे-जैसे चुनाव प्रचार कार्य गति पकड़ेगा, उसी के अनुरूप सर्तक रहकर राजनैतिक दल व संबंधित उम्मीदवार के खर्च में राशि शामिल करवाने का कार्य किया जाए। इसके अतिरिक्त व्यय प्रेक्षक ने अभय कमाण्ड, सी-विजिल एवं कन्ट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!