शादी का वादा कर मंगेतर ने युवती को बनाया हवस का शिकार, आरोपी गिरफ्तार
जयपुर. जयपुर में सगाई के बाद शादी का भरोसा देकर युवती का यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। अजमेर की रहने वाली 23 वर्षीय युवती ने अपने मंगेतर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि युवक करीब एक साल तक शादी का वादा करके उसे अलग-अलग जगहों पर मिलने बुलाता रहा और उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, युवती के परिजनों ने पिछले साल उसके लिए रिश्ता तलाशा था। परिवार को युवक पसंद आने के बाद दोनों की सगाई कर दी गई। इसके बाद युवती और आरोपी के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत होने लगी। इसी दौरान युवक ने उससे मिलने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया।
आरोप है कि युवक ने युवती को जयपुर के एक होटल में मिलने के लिए बुलाया। वहां उसने जबरदस्ती की। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने सगाई और आने वाली शादी का हवाला देकर उसे भरोसा दिलाया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद भी युवक ने शादी का वादा करते हुए अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
बताया गया है कि करीब एक साल तक यह सिलसिला चलता रहा। जब शादी का समय नजदीक आया तो आरोपी ने विवाह करने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती को अपने साथ हुए कथित धोखे का एहसास हुआ और उसने पुलिस की शरण ली।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने 14 अक्टूबर को मामला दर्ज किया। इसके बाद युवती का मेडिकल परीक्षण करवाया गया और उसके बयान दर्ज किए गए। जांच के बाद पुलिस ने बुधवार रात दबिश देकर आरोपी मंगेतर को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।