वाटर वर्क्स चौराहे पर रंजिश के चलते फायरिंग
धौलपुर। सोमवार रात कोतवाली थाना क्षेत्र के वाटर वर्क्स चौराहे पर पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवारों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग की खबर मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। जहां पीड़ित युवक से बयान लेने के बाद एक नामजद आरोपी सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। फायरिंग की घटना में बाल-बाल बचे युवक सूरज (21) पुत्र राजवीर द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया है कि रात के वक्त में वापस अपने घर की ओर जा रहा था। तभी बाइक पर सवार होकर आया बदमाश हरिकिशन जगरिया और उसके साथियों ने उसे रास्ते में रोक लिया। जहां बाइक सवार तीनों युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद पीड़ित के ताऊ का लड़का मौके पर पहुंच गया। जिसके बाद बाइक सवार बदमाश ने उसे पर फायरिंग कर दी। फायरिंग करने के बाद बाइक सवार तीनों बदमाश भाग निकले।
घटना की सूचना मिलती ही मौके पर पहुंचे कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने आरोपी की तलाश में कई जगह दबिश की कार्रवाई भी की। कोतवाल ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चार दिन पूर्व बाइक सवार बदमाशों की युवक से लड़ाई हो गई थी। जिसके बाद फायरिंग का मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि फायरिंग की घटना में शामिल बदमाश को चिन्हित कर लिया गया है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।