भाजपा के नए प्रभारियों की पहली बैठक आज, चुनावी तैयारियों पर मंथन
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राज्य प्रभारियों और सह-प्रभारियों की मंगलवार को पहली सामूहिक बैठक होगी। नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे। हाल ही में संगठनात्मक फेरबदल के तहत 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, राज्यों और केंद्रीय नेतृत्व के बीच बेहतर समन्वय तथा आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। भाजपा शासित राज्यों में संगठन और सरकार के बीच तालमेल तथा सरकार के कामकाज से जुड़े मुद्दों की समीक्षा भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहने की बात सामने आई है।
केंद्रीय नेतृत्व देगा दिशा-निर्देश
नवनियुक्त पदाधिकारियों के लिए यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि संगठनात्मक जिम्मेदारियां मिलने के बाद वे पहली बार एक साथ केंद्रीय नेतृत्व के सामने अपनी प्राथमिकताओं और रणनीति पर चर्चा करेंगे।
बैठक में राज्यों में पार्टी की गतिविधियों, संगठनात्मक कार्यक्रमों और आगामी चुनावों से जुड़ी तैयारियों को लेकर केंद्रीय नेतृत्व की ओर से दिशा-निर्देश दिए जाने की संभावना है। साथ ही, राज्य इकाइयों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने और संगठन की गतिविधियों को गति देने पर भी चर्चा हो सकती है।
23 सितंबर को हुई थी नियुक्तियां
भाजपा ने 23 सितंबर को सभी 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए थे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से जारी नियुक्तियों में कई वरिष्ठ नेताओं को नई जिम्मेदारियां दी गईं।
स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया है। राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई है। विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप वर्मा और आनंद ओझा को सह-प्रभारी बनाया गया है।
दिल्ली की जिम्मेदारी विनय सहस्रबुद्धे को दी गई है। जमयांग त्सेरिंग नामग्याल और दर्शना जरदोश दिल्ली के सह-प्रभारी होंगे। वहीं, राजस्थान के लिए संजय भाटिया को प्रभारी तथा कविता पाटीदार और कुलजीत चहल को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
संचार विभाग में भी बदलाव
संगठनात्मक फेरबदल के साथ भाजपा ने अपने संचार विभाग में भी बदलाव किए हैं। वरिष्ठ नेता अनिल बलूनी को पार्टी के संचार विभाग का समन्वयक बनाया गया है, जिसके अंतर्गत राष्ट्रीय मीडिया सेल और सोशल मीडिया यूनिट आती हैं।
वहीं, राष्ट्रीय मीडिया विभाग के सह-संयोजक रहे आशीष उषा अग्रवाल को संयोजक बनाया गया है। यह पद पहले अनिल बलूनी के पास था। इन बदलावों की घोषणा भी भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने की थी।