उमड़ा आस्था का सैलाब... खाटूधाम बना महाकुंभ
खाटूश्यामजी । लखदातार की जय.... श्याम प्यारे की जय... हारे के सहारे की जय.... शीश के दानी की जय... ये बाबा श्याम के जयकारे दशमी के दिन खाटू नगरी में दिनभर गूंजते रहे। खाटूश्यामजी के फाल्गुनी लक्खी मेले में गुरुवार को भक्तों का सैलाब उमड़ा। श्याम सरकार की एक झलक पाने को देश के कोने-कोने से आए भक्तों को दिन भर कतारबद्ध होकर दर्शन करते नजर आए। बाबा श्याम के दरबार में कोई पैदल चलकर कोई हाथों में निशान लेकर तो कोई दंडवत करता हुआ बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए पहुंचा। रींगस से लेकर खाटूश्यामजी तक दर्शनार्थियों की कतारें लगी रही। बाबा श्याम के दरबार 24 घंटे भक्तों के लिए खुले हैं।जिससे लगातार बाबा श्याम के दर्शन करने के लिए भक्त खाटू नगरी में पहुंच रहे हैं। खाटूश्यामजी में इस बार निशान रखने के लिए श्री श्याम मंदिर कमेटी ने अलग से व्यवस्था की है।मेले के दौरान खाटू में पधारे लाखों श्याम भक्त निशान लेकर खाटू श्याम जी आ रहे हैं जिनसे श्री श्याम मंदिर कमेटी द्वारा बनाई गई व्यवस्था में पूरा पंडाल निशानों से अटा हुआ है।
बाबा श्याम की लक्खी मेले में पहली बार जिला प्रशासन व नगरपालिका द्वारा जो भी श्याम भक्त मंदिर दर्शनार्थ चप्पल खोल जाता है। उन चप्पल जूतों को उन तक पहुंचाने के लिए एक अभियान चलाया। बाबा के वार्षिक लक्खी मेले में यह अभियान यह कारगर साबित हुआ।जो भी श्याम भक्त मेला ग्राउंड में चप्पल जुते खोलकर जा रहे हैं।उनको चप्पल जुते के जोड़ों को बांधकर सुरक्षित नगरपालिका के पास पहुंचाया जा रहा है जहां से टोकन दिखाकर श्याम भक्त चप्पल जुते प्राप्त कर रहे हैं।इतने बड़े मेले में यह व्यवस्था श्याम भक्तों को रास आ रही है। नगरपालिका के ईओ अरूण शर्मा व स्वास्थ्य निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह चंदेलिया इस अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।
आज नगर भ्रमण करेंगे बाबा श्याम - बाबा श्याम अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए अपनी हवेली से एकादशी शुक्रवार को नगर भ्रमण करेंगे।नीले घोड़े पर बनड़ा सा बनकर बाबा श्याम की शाही सवारी जिसमें बैंड,ढोल,तरासा,चंग के साथ गुलाल उड़ाते हुए भक्त रथ के आगे नाचते गाते आयेंगे। गौरतलब है कि बाबा श्याम फाल्गुन शुक्ल पक्ष की एकादशी को ही अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए आते है।इस दौरान भक्तों में रथ की छूने की लालसा,खजाने के रूप में प्रसाद लेने की अभिलाषा के साथ श्याम भक्त रथ के साथ चलते हैं।रथ बाबा श्याम के दरबार से रवाना होकर मिश्रा मोहल्ले से सुनारों के मोहल्ले से खातियो के मोहल्ले से होते हुए अस्पताल चौराहा से पूराने बस स्टैंड से सीधे मुख्य बाजार आएगा।
नगरपालिका साफ सफाई में जुटी-खाटूश्यामजी के वार्षिक लक्खी मेलें के दौरान लाखों श्याम भक्त खाटू नगरी में आ रहे हैं।बाबा श्याम के धाम में नगरपालिका सम्पूर्ण मेले में लगातार साफ सफाई करवा रही हैं। नगरपालिका के ईओ अरूण शर्मा व स्वास्थ्य निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह चंदेलिया लगातार लगे हुए हैं।इसके लिए नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों व पार्षदों का एक वाटस एप ग्रुप भी बना रखा है।जहां सफाई व्यवस्था की फोटो डाली जा रही है।इस बार बाबा श्याम के मेले में नगरपालिका प्रशासन की सफाई व्यवस्था का अभियान चुस्त दुरुस्त चल रहा है।