गूगल ने एंड्रॉयड, पिक्सल और क्रोम टीम से सैकड़ों कर्मचारियों की छंटनी की !
नई दिल्ली । टेक दिग्गज गूगल ने अपने प्लेटफॉर्म और डिवाइस डिवीजन से सैकड़ों कर्मचारियों की छंटनी की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह टीम एंड्रॉयड सॉफ्टवेयर, पिक्सल फोन और क्रोम ब्राउजर के लिए काम करती थी।यह छंटनी ऐसे समय में की गई है, जब गूगल ने इस साल जनवरी में इसी यूनिट के कर्मचारियों को स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने का प्रस्ताव दिया था।'द इंफॉर्मेशन' की रिपोर्ट के अनुसार, गूगल के प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि पिछले साल अपने प्लेटफॉर्म और डिवाइस टीमों के विलय के बाद, कंपनी अधिक कुशलता और तेजी से काम कर रही है।रिपोर्ट में कहा गया है, "इस प्रयास के तहत, इसने पहले की पेशकश की गई स्वैच्छिक निकास कार्यक्रम के अलावा कुछ नौकरियों में कटौती भी की है।"
कंपनी ने कहा, "हालांकि, प्रभावित भूमिकाओं की सटीक संख्या का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन यह कदम संचालन को सुव्यवस्थित करने और खर्चों को कम करने की गूगल की व्यापक रणनीति को दर्शाता है।"कई दूसरे टेक दिग्गजों की तरह, कंपनी बदलती व्यावसायिक जरूरतों और बाजार की स्थितियों को देखते हुए अपनी टीम संरचनाओं की समीक्षा कर रही है।यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के बीच अमेजन, इंटेल और गोल्डमैन सैक्स सहित कई वैश्विक कंपनियां भी नौकरियों में कटौती कर रही हैं।पहले आई रिपोर्टों के अनुसार, अमेजन सालाना 3 बिलियन डॉलर बचाने के लिए लगभग 14,000 प्रबंधकीय पदों में कटौती करने की योजना बना रहा है, जबकि इंटेल 2024 में महत्वपूर्ण वित्तीय नुकसान के बाद बड़े पुनर्गठन की तैयारी कर रहा है।