Dark Mode
सेंसेक्स-निफ्टी में शुरुआती कारोबार में जोरदार तेजी

सेंसेक्स-निफ्टी में शुरुआती कारोबार में जोरदार तेजी

नई दिल्ली। लगातार आठ सप्ताह की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को आखिरकार तेजी की वापसी होती दिखाई दी। घरेलू बाजार ने मजबूत शुरुआत की और शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स एक समय 700 अंक से ज्यादा चढ़कर 72,631 के स्तर तक पहुंच गया। निफ्टी भी करीब 200 अंक की बढ़त के साथ 22,600 के पार निकल गया।

बाजार खुलते ही बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 431 अंक की तेजी के साथ 72,341 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई का निफ्टी 110 अंक ऊपर 22,532 पर खुला। शुरुआती कारोबार में खरीदारी का असर इतना मजबूत रहा कि सेंसेक्स 72,631 और निफ्टी 22,621 के इंट्रा-डे हाई तक पहुंच गए।

इस तेजी का सीधा फायदा निवेशकों को भी मिला। शुरुआती कारोबार में बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 466 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 470 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया। यानी निवेशकों की संपत्ति में लगभग 4 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ।

हालांकि, बाजार में तेजी ज्यादा देर तक एकतरफा नहीं रही। ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली शुरू होने के बाद सेंसेक्स अपने डे हाई से करीब 600 अंक नीचे आ गया। एक समय यह 72,023 के आसपास कारोबार करता नजर आया। निफ्टी भी 22,621 के उच्च स्तर से फिसलकर 22,450 के आसपास आ गया।

बाद के कारोबार में दोनों इंडेक्स में उतार-चढ़ाव जारी रहा। सेंसेक्स कभी 386 अंक ऊपर 72,296 के स्तर तक पहुंचा तो कभी बढ़त लगभग गंवाकर 71,883 तक फिसल गया। निफ्टी भी लाल निशान में जाने के बाद दोबारा हरे निशान में लौटा और 22,545 के आसपास कारोबार करता दिखा।

शुरुआती तेजी में बजाज फाइनेंस, टीसीएस, आईटीसी और एक्सिस बैंक जैसे शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। बजाज फाइनेंस के शेयर करीब 3.28 प्रतिशत की तेजी के साथ 980.45 रुपये तक पहुंचे। एसबीआई में भी लगभग 1.35 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई, जबकि बजाज फिनसर्व करीब 1.45 प्रतिशत ऊपर 1,755 रुपये के आसपास कारोबार करता रहा।

दूसरी ओर, कुछ बड़े शेयरों पर दबाव भी बना रहा। एचसीएल टेक, एशियन पेंट्स, इंफोसिस और कोटक बैंक शुरुआती कारोबार में दबाव वाले शेयरों में शामिल रहे। सन फार्मा और इटरनल के शेयर भी गिरावट में कारोबार करते नजर आए।

बाजार की तेजी के बावजूद शेयरों के आंकड़े पूरी तरह सकारात्मक नहीं रहे। एनएसई पर 143 शेयर 52 सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गए, जबकि 131 शेयरों में लोअर सर्किट लगा। दूसरी ओर, 105 शेयर अपर सर्किट पर रहे और 84 शेयरों ने 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर छुआ।

घरेलू बाजार के लिए सोमवार की शुरुआत से पहले ही सकारात्मक संकेत मिल रहे थे। GIFT Nifty ने तेजी का संकेत दिया था। एशियाई बाजारों में भी कारोबार के दौरान मजबूती का रुख देखने को मिला, जबकि पिछले सप्ताह अमेरिकी बाजारों से मिले संकेत भी भारतीय बाजार के लिए कुछ राहत देने वाले रहे।

दरअसल, भारतीय शेयर बाजार पिछले आठ सप्ताह से लगातार दबाव में था। कमजोर वैश्विक संकेतों और लगातार बिकवाली के कारण पिछले सप्ताह भी बाजार में बड़ी गिरावट रही। सेंसेक्स करीब 1,670 अंक टूटकर 71,909 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी में 3 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज हुई और यह 22,421 के स्तर पर बंद हुआ था।

ऐसे में सोमवार की तेजी ने निवेशकों को कुछ राहत जरूर दी है। हालांकि, ऊपरी स्तरों से बाजार के फिसलने से यह भी साफ है कि अभी भी बाजार में अस्थिरता बनी हुई है और आगे की दिशा वैश्विक संकेतों के साथ-साथ घरेलू खरीदारी और बिकवाली पर निर्भर करेगी।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!