सरकार ने हीरो मोटोकॉर्प के खिलाफ दिया जांच का आदेश
नई दिल्ली. टू व्हीलर की सबसे बड़ी कंपनी हीरो मोटोकॉर्प के शेयर में गुरुवार (15 जून) को 3% से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली। हीरो का शेयर 3.58% यानी 104.95 रुपए गिरकर 2,826.65 रुपए पर बंद हुआ। हीरो मोटोकॉर्प के शेयर में यह गिरावट मिनिस्ट्री ऑफ कॉर्पोरेट अफेयर्स (MCA) के कंपनी के खिलाफ जांच शुरू करने के बाद आई है।
हीरो मोटोकॉर्प ने स्टेटमेंट में क्या कहा?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, MCA ने कंपनीज एक्ट के सेक्शन 210(1)(c) और 216 के तहत हीरो मोटोकॉर्प के खिलाफ कॉर्पोरेट गवर्नेंस के मामले में जांच के आदेश जारी किए हैं। भारत की सबसे बड़ी मोटरसाइकिल मैन्युफैक्चरर कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने एक स्टेटमेंट में कहा कि इस मामले में उसे सरकार से कोई सूचना नहीं मिली है और वह इस पर अभी कोई कमेंट नहीं कर सकती है।
फंड डायवर्जन से जुड़े मामले में जांच का आदेश
कंपनी के स्पोक्सपर्सन ने कहा, 'किसी भी रेगुलेटरी अथॉरिटी द्वारा हमसे और जब भी मांग की जाएगी, हम सभी जानकारी प्रदान करेंगे।' रॉयटर्स के सूत्रों के मुताबिक, MCA ने फंड के डायवर्जन से जुड़े एक मामले में थर्ड-पार्टी वेंडर के साथ हीरो मोटोकॉर्प के रिलेशन का पता करने के लिए जांच का आदेश दिया है। पब्लिक इंटरेस्ट में शुरू की गई इस इन्वेस्टिगेशन के तहत कुछ लिंक्ड कंपनियों के असली स्वामित्व की जांच की जाएगी। इसके अलावा, MCA साल्ट एक्सपीरियंस एंड मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड (SEMPL) के मामलों की भी जांच करेगा। MCA को संदेह है कि यह हीरो मोटोकॉर्प की 'लिंक्ड एंटिटी' है।
शेल कंपनी पाए जाने पर कंपनी को बंद कर सकती है MCA
सूत्र ने बताया कि हीरो मोटोकॉर्प पर शेल कंपनियां चलाने के आरोप लगते रहे हैं। रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज द्वारा की गई एक जांच में भी कंपनी और इससे जुड़े एंटिटी के मामलों की गहन जांच की जरूरत पर जोर दिया गया है। यह जांच सरकार ने की थी, जिसमें हीरो मोटोकॉर्प और SEMPL के मामलों की जांच का आदेश दिया गया था। MCA शेल कंपनी पाए जाने पर कंपनी को बंद कर सकती है।
हीरो के ओनरशिप स्ट्रक्चर की जांच भी होगी
सरकार के निर्देश के बारे में जानकारी रखने वाले सूत्रों ने कहा कि हीरो मोटोकॉर्प के ओनरशिप स्ट्रक्चर की जांच के लिए 'पब्लिक इंटरेस्ट' में इन्वेस्टिगेशन का आदेश दिया गया है। इतना ही नहीं MCA ने यह पता लगाने को भी कहा है कि क्या हीरो मोटोकॉर्प किसी थर्ड-पार्टी वेंडर को कंट्रोल करती है?
कंपनी के ऑफिशियल्स के बयान दर्ज करेगी MCA
दो सूत्रों ने बताया कि इंटरनल गवर्नमेंट का यह ऑर्डर कंपनियों के रजिस्ट्रार द्वारा की गई प्रारंभिक जांच के बाद आया है। उन्होंने कहा कि मामले को 'पब्लिक इंटरेस्ट' में औपचारिक जांच के लिए फिट माना जा रहा है। लीगल प्रोविजन के तहत MCA के पास अब कंपनी के ऑफिशियल्स के बयान दर्ज करने और जांच करने के लिए दस्तावेज मांगने की पावर है।
पिछले साल टैक्स अधिकारियों की जांच के दायरे में थी हीरो
हीरो मोटोकॉर्प पिछले साल टैक्स अधिकारियों की जांच के दायरे में था। कंपनी ने पिछले साल कहा था कि टैक्स इंस्पेक्टर्स ने रूटीन इंक्वायरी के तहत उसके ऑफिसों और CEO पवन मुंजाल के घर का दौरा किया था। CBDT ने बिना कंपनी का नाम लिए एक बयान में कहा था कि उसे 800 करोड़ रुपए से ज्यादा के अवैध कारोबारी खर्च का पता चला है। इसने यह भी आरोप लगाया था कि दिल्ली में 10 एकड़ खेत कुछ कंपनियों के माध्यम से खरीदे गए थे। बयान में कहा गया था, 'इस तरह के लेन-देन में 60 करोड़ रुपए से ज्यादा का बेहिसाब कैश शामिल था।'