फलौदी दुर्ग में हस्तशिल्प प्रदर्शनी का भव्य आगाज
फलौदी। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की ओर से रविवार को फलौदी दुर्ग परिसर में हस्तशिल्प एवं खादी उत्पादों की प्रदर्शनी का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक पब्बाराम विश्नोई एवं जिला कलक्टर श्वेता चौहान ने किया। शुभारंभ के बाद अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और आमजन से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की।
16 स्टॉलों में सजे स्थानीय उत्पाद- प्रदर्शनी में कुल 16 स्टॉल लगाए गए, जिनमें स्थानीय हस्तशिल्प, खादी उत्पाद, मिट्टी से बने सामान, चित्रकारी एवं अन्य कृतियों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों व उद्यमियों को प्रोत्साहित करना एवं उनकी कृतियों को उपभोक्ताओं तक सीधे पहुँचाना है।
विधायक का आत्मनिर्भर भारत पर जोर- इस अवसर पर विधायक पब्बाराम विश्नोई ने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि जब आमजन स्थानीय उत्पाद खरीदेंगे तो इससे न केवल कारीगरों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।
कारीगरों को मिला मंच- उद्योग महाप्रबंधक अंजुला आसदेव ने बताया कि इस तरह की प्रदर्शनी ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के कारीगरों को मंच देती है, जिससे वे अपनी कला और मेहनत को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुँचा सकें।
अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी- प्रदर्शनी के दौरान उपखंड अधिकारी पूजा चौधरी, नगर परिषद आयुक्त विक्रम सिंह चारण सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन भी पहुंचे और स्थानीय उत्पादों में रुचि दिखाई।