11 मई को ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का राज्य स्तरीय भव्य आयोजन
जयपुर। सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष तथा मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कला एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 11 मई, 2026 (सोमवार) को देशव्यापी स्तर पर ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ मनाया जाएगा।
राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
देवस्थान विभाग के आयुक्त श्री लक्ष्मी नारायण मंत्री ने बताया कि सोमवार को प्रातः सोमनाथ मंदिर, गुजरात में माननीय प्रधानमंत्री जी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हो रहे राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का सीधा प्रसारण किया जाएगा।
जयपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही राज्य के 41 जिलों में होंगे आयोजन
आयुक्त देवस्थान विभाग श्री लक्ष्मी नारायण मंत्री ने बताया कि कला एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार और कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग, राजस्थान सरकार तथा देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में उक्तानुसार 11 मई (सोमवार) को श्री झारखंड महादेव मंदिर, जयपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के 41 जिलों के प्रमुख शिवालयों में भी विशेष आयोजन होंगे।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम की रूपरेखा
आयुक्त देवस्थान विभाग ने बताया कि श्री झारखंड महादेव मंदिर, जयपुर में 11 मई (सोमवार) को प्रातः सांस्कृतिक प्रस्तुति का आयोजन होगा जिसमें शिव स्तुति एवं भजन गायन से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के का आगमन पर उनका स्वागत किया जाएगा। माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा उक्त राज्यस्तरीय कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कलश यात्रा निकाली जाएगी। भगवान शिव के विशेष दर्शन, शृंगार एवं पूजा-अर्चना की जाएगी। कार्यक्रम पश्चात सामूहिक महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।कला एवं संस्कृति विभाग की शासन सचिव शुचि त्यागी ने बताया कि संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार देवस्थान विभाग तथा कला, साहित्य, संस्कृति विभाग, राजस्थान सरकार सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व को जन-जन तक पहुँचाने के लिए ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ को गरिमामय एवं सफल रूप से आयोजित करने हेतु जिला प्रशासन के सहयोग उक्त कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
श्री झारखण्ड महादेव मंदिर परिसर में आयोजित हुई तैयारी बैठक
कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु रविवार को श्री झारखण्ड महादेव मंदिर परिसर में देवस्थान विभाग के आयुक्त श्री लक्ष्मी नारायण मंत्री एवं जयपुर जिला कलेक्टर श्री सन्देश नायक, उक्त कार्यक्रम की राज्य नोडल अधिकारी एवं उप शासन सचिव, कला एवं संस्कृति विभाग अनुराधा गोगिया, अतिरिक्त आयुक्त देवस्थान विभाग श्री गीतेश मालवीय, सहायक आयुक्त देवस्थान जयपुर प्रथम श्री रतन लाल योगी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर जयपुर चतुर्थ श्री आशीष कुमार एवं राखी राठौड़, मंदिर सचिव श्री प्रकाश सोमानी की उपस्थिति में उक्त आयोजन हेतु तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक पश्चात आयुक्त देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार श्री लक्ष्मी नारायण मंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि राज्य के 41 जिलों में 11 मई (सोमवार) को निकटतम शिवालय में आयोजित हो रहे उक्त कार्यक्रम में सहभागी बनकर इस ऐतिहासिक पर्व के साक्षी बनें। उन्होंने कहा कि जयपुर में 11 मई (सोमवार) को श्री झारखण्ड महादेव मंदिर परिसर में आयोजित हो राज्यस्तरीय कार्यक्रम में के दौरान विशेष व्यवस्था की गई है जिसमें श्री झारखण्ड महादेव मंदिर में गेट नम्बर-2 से दर्शनार्थियों के लिए दर्शन हेतु आवागमन की व्यवस्था की गई है। जयपुर जिला कलेक्टर श्री सन्देश नायक ने बताया कि कला एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार और कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग, राजस्थान सरकार तथा देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार एवं जिला प्रशासन, जयपुर के समन्वय से 11 मई (सोमवार) को श्री झारखंड महादेव मंदिर, जयपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य नोडल अधिकारी एवं उप शासन सचिव, कला एवं संस्कृति विभाग अनुराधा गोगिया ने बताया कि कार्यक्रम का प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया पर वृहद प्रचार-प्रसार सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के सहयोग से किया जा रहा है।