Dark Mode
क्या आपको भी भारी-भरकम एडवांस टैक्स जमा करवाने का मैसेज मिला है?

क्या आपको भी भारी-भरकम एडवांस टैक्स जमा करवाने का मैसेज मिला है?

नई दिल्ली। यदि आपको भी आयकर विभाग से अधिक एडवांस टैक्स जमा कराने का मैसेस मिला है तो यह एक गड़बड़ी के कारण हुआ है। विभाग ने इस मामले में करदाताओं को अगले अपडेट तक रुकने के लिए कहा है। एडवांस टैक्स जमा करने की आखिरी तारीख शुक्रवार यानी 15 मार्च हैं, ऐसे में विभाग ने कहा है कि इस गड़बड़ी को जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा। विभाग के अनुसार वार्षिक सूचना विवरण (एआईएस) में कुछ वित्तीय लेनदेन की गलत रिपोर्टिंग के कारण यह एक त्रुटि आई है।

क्या है पूरा मामला?
आयकर विभाग की ओर से करदाताओं को चालू वित्त वर्ष के दौरान किए गए वित्तीय लेनदेन के अनुसार टैक्स के भुगतान के लिए एक अभियान की शुरुआत की गई। हालांकि विभाग की ओर से इसके लिए जो एआईएस जारी किया उसमें गड़बड़ी की खबरें आनी लगी और स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। इसके एक दिन बाद विभाग ने करदाताओं को सलाह दी है कि वे आंकड़ों के अपडेट होने का इंतजार करें। अग्रिम कर के लिए शुरू ई-अभियान के दौरान करदाताओं से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर विभाग ने प्रतिभूति बाजार (एसएफटी-17) के आंकड़ों में कुछ गड़बड़ियों की पहचान की है।

एआईएस क्या है?
पिछले कुछ वर्षों में, आयकर अधिकारी करदाताओं को स्वैच्छिक अनुपालन को बढ़ावा देने के लिए अपने एआईएस (Annual Information Statement) को देखने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। एआईएस फॉर्म 26एएस का विस्तार है, जिसमें वित्तीय वर्ष के दौरान संपत्ति खरीद, उच्च मूल्य के निवेश और टीडीएस और टीसीएस आदि लेनदेन का विवरण होता है। एआईएस में करदाता के बचत बैंक खाते और जमा, लाभांश, प्राप्त किराया, प्रतिभूतियों और अचल संपत्तियों की खरीद और बिक्री से जुड़े लेनदेन और विदेशों से लेनदेन के आंकड़े शामिल रहते हैं।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!