Dark Mode
नौनिहालों को निमोनिया से सुरक्षा देने के लिए स्वास्थ्य विभाग की पहल, जिले में 28 फरवरी,2027 तक सांस अभियान

नौनिहालों को निमोनिया से सुरक्षा देने के लिए स्वास्थ्य विभाग की पहल, जिले में 28 फरवरी,2027 तक सांस अभियान

जयपुर। बच्चों को निमोनिया के खतरे से सुरक्षित रखने और बीमारी की समय रहते पहचान कर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिले में सांस अभियान की शुरुआत की है। 12 नवंबर से प्रारंभ हुआ यह अभियान 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। इसके माध्यम से अभिभावकों को बच्चों में निमोनिया के लक्षणों को पहचानने तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। डिप्टी सीएमएचओ (परिवार कल्याण) डॉ. सौरभ आर्य ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य पांच वर्ष तक के बच्चों को निमोनिया से बचाव के प्रति जागरूक करना है। इसके तहत बच्चों में बीमारी के संभावित लक्षणों की पहचान, स्क्रीनिंग और उचित प्रबंधन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान की थीम 'निमोनिया नहीं तो बचपन सही' रखी गई है। आरसीएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. प्रमिला मीणा ने बताया कि अभियान के तहत स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा पांच वर्ष तक के बच्चों की निमोनिया के संभावित लक्षणों के आधार पर जांच की जाएगी। इसके लिए चिकित्सा एवं नर्सिंग अधिकारियों की क्षमता संवर्धन हेतु निमोनिया स्किल लैब प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। स्वास्थ्य संस्थानों पर जागरूकता सामग्री के माध्यम से आमजन को जानकारी देने के साथ ही उपचार में काम आने वाली आवश्यक दवाओं की उपलब्धता पर भी जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य और उनकी बेहतर देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 15 से 21 नवंबर तक राष्ट्रीय नवजात सप्ताह भी मनाया जाएगा। इसकी थीम "स्माल बेबीज़, बिग पोटेंशियल" रखी गई है। सप्ताह के दौरान स्वास्थ्य संस्थानों एवं समुदाय स्तर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर नवजात शिशुओं की देखभाल, सुरक्षा और स्वस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक जानकारी साझा की जाएगी।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!