Dark Mode
मणिपुर में कर्फ्यू के बावजूद घर जलाए

मणिपुर में कर्फ्यू के बावजूद घर जलाए

सुरक्षाबलों से भिड़े प्रदर्शनकारी, RAF ने आंसू गैस के गोले दागे, कई घायल


इंफाल . मणिपुर की राजधानी इंफाल के न्यू चेकॉन इलाके में गुरुवार को फिर हिंसा भड़क गई। कर्फ्यू के बावजूद कुछ घरों में आग लगा दी गई। प्रदर्शनकारी सुरक्षा बलों से भिड़ गए। इसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। RAF ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।

बुधवार रात महिला मंत्री के बंगले में आग लगाई थी
इंफाल के लाम्फेल इलाके में बुधवार रात उद्योग मंत्री नेमचा किपजेन के सरकारी बंगले में आग लगा दी गई थी। किपजेन उस समय घर पर नहीं थीं। हालांकि फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। किपजेन भाजपा के सात कुकी विधायकों में से एक हैं और राज्य की एकमात्र महिला मंत्री हैं।

किपजेन उन 10 कुकी विधायकों में शामिल हैं जिन्होंने अलग प्रशासन की मांग की है।

हमलों में 9 लोगों की मौत हुई थी
इसके पहले मैतेई बहुल कांगपोकी जिले में मंगलवार रात हुए हमले में 9 लोगों की जान चली गई थी। 10 लोग घायल हुए थे। पुलिस ने बताया कि रात करीब एक बजे कांगपोकी से सटे खामेलोक गांव और इंफाल पूर्वी जिले में हमला किया गया। हमलावर अत्याधुनिक हथियारों से लैस थे। मारे गए सभी लोग खामेलोक गांव के थे।

मंगलवार को ही बिष्णुपुर जिले में भी मंगलवार को हिंसा हुई थी। यहां फौगाकचाओ इखाई गांव में कुकी समुदाय के लोग मैतेई इलाकों में बंकर बनाने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान कुकी लोगों और सुरक्षा बलों के बीच फायरिंग हुई।

इधर, मणिपुर की महिला गन सर्वाइवर्स नेटवर्क की फाउंडर बिनालक्ष्मी नेपराम ने दावा किया कि कांगपोकी के खामेलोक में हुई गोलीबारी में 12 लोगों की मौत हुई है और 30 से ज्यादा लोग घायल हैं।

सोमवार रात भी खामेलोक इलाके में गोलीबारी हुई थी, जिसमें 9 लोग घायल हुए थे। हिंसा के चलते राज्य में इंटरनेट पर बैन 15 जून तक बढ़ा दिया गया। कुछ इलाकों में कर्फ्यू में ढील भी दी गई है।

असम के CM अमित शाह को रिपोर्ट देंगे
नॉर्थ-ईस्ट कोऑर्डिनेशन काउंसिल के प्रेसिडेंट और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा गृहमंत्री अमित शाह को मणिपुर के ताजा हालात की रिपोर्ट देंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गृहमंत्री ने सरमा को मणिपुर में हिंसा को कंट्रोल करने के लिए जरूरी कदमों का फ्रेमवर्क तैयार करने का काम सौंपा था।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!