जिला अस्पताल में बढी मरीजों की संख्या
बहरोड़। जिला अस्पताल में मौसमी बीमारी के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यहां रोजाना मरीजों का आंकड़ा एक हजार के पार बना रहता है। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉक्टर सुरेश यादव ने बताया कि मौसम बदलने के साथ जुकाम, बुखार, उल्टी-दस्त के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। इसके अलावा आंख की बीमारी के मरीज भी जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। रजिस्ट्रेशन काउंटर से लेकर डॉक्टर के चौंबर और लैबोरेटरी के बाहर मरीज लंबी लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखते है। अस्पताल में सबसे ज्यादा भीड़ फिजीशियन और पीडियाट्रिक डॉक्टर के चौंबर में लगी हुई है। लैबोरेटरी इंचार्ज पीएम यादव ने बताया कि रोजाना 800 से 1 हजार जांच हो रही है। जिसमें ब्लड़, ईसीजी, सीबीसी, टीबी, मलेरिया, लिवर, किडनी, हार्ट, पीलिया, पेशाब, एचआईवी समेत 56 जांच की जा रही है। जिला अस्पताल में आज भी सीएचसी स्तर की मशीनों से जांच की जा रही है। ऐसे में मशीनें छोटी होने से जांच में देरी हो रही है। जिसके कारण मरीजों को समय पर जांच दे पाना असंभव है। उन्होंने बताया कि मशीनों की मांग की हुई है। लेकिन अभी आई नहीं है। जैसे ही बड़ी मशीनें आ जाएंगी जांच करने में आसानी रहेगी।