मजबूती के साथ बंद हुई भारतीय करेंसी, डॉलर के मुकाबले रुपये में इतने पैसे की हुई बढ़त
नई दिल्ली। शेयर बाजार लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में लाल निशान पर बंद हुआ है। वहीं कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर भारतीय करेंसी पर पड़ा है। आज अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 1 पैसे की बढ़त के साथ 83.12 पर बंद हुआ।
विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि विदेशी निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध खरीदार बन गए। इसी के साथपीएसयू ऋणदाताओं द्वारा डॉलर की बिक्री से स्थानीय मुद्रा को हरे निशान में बंद होने में मदद मिली। आज अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में, स्थानीय इकाई 83.17 पर कमजोर खुली और ग्रीनबैक के मुकाबले 83.03 के शिखर और 83.20 के निम्नतम स्तर के बीच कारोबार किया।
रुपया अंतिम बंद से 1 पैसे की बढ़त के साथ 83.12 पर बंद हुई। गुरुवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 15 पैसे बढ़कर 83.13 पर बंद हुआ था। विशेषज्ञों ने रुपये में तेज बढ़त का श्रेय आरबीआई के कदम के साथ-साथ ग्रीनबैक में कुछ नरमी को दिया।
आनंद राठी शेयर्स और स्टॉक ब्रोकर्स के फंडामेंटल रिसर्च एनालिस्ट रिंकल वीरा ने कहा कि 3 सप्ताह की मजबूती के बाद आखिरकार आज के सत्र में रुपये में कुछ तेजी देखी गई।
इस बीच, डॉलर सूचकांक में डॉलर 0.05 प्रतिशत गिरकर 106.20 पर आ गया। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 1.27 प्रतिशत चढ़कर 93.55 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
घरेलू इक्विटी बाजार के मोर्चे पर, सेंसेक्स 231.62 अंक या 0.35 प्रतिशत गिरकर 65,397.62 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 82.05 अंक या 0.42 प्रतिशत गिरकर 19,542.65 अंक पर आ गया।
एक्सचेंज डेटा के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को पूंजी बाजार में शुद्ध खरीदार थे, क्योंकि उन्होंने 456.21 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।