जयपुर में हरियाली बढ़ाने की पहल, जेडीए ने शुरू किया सात दिवसीय अभियान
-
जयपुर में जेडीए का सात दिवसीय वृक्षारोपण अभियान शुरू।
-
1 से 7 नवंबर तक पार्कों, मीडियन और ग्रीन बेल्ट में पौधारोपण।
-
मिशन लाइफ के तहत नागरिकों से स्वच्छ और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील।
जयपुर। शहर में हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने सात दिवसीय अभियान की शुरुआत की है। 1 से 7 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस कार्यक्रम में वृक्षारोपण के साथ स्वच्छता गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।
यह पहल 'ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफ स्टाइल वीक' के तहत की जा रही है। अभियान की मुख्य थीम 'मिशन लाइफ-अपनाएं स्वस्थ जीवनशैली' रखी गई है। जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि कार्यक्रम के जरिए पर्यावरण संरक्षण और लोगों को प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान के पहले दिन रविवार को जेडीए के विभिन्न जोन में बड़े स्तर पर पौधारोपण किया गया। इसके तहत शहर के छोटे-बड़े पार्कों, सड़क के बीच बने मीडियन और ग्रीन बेल्ट में पौधे लगाए गए। सात दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में हरियाली बढ़ाने और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने पर जोर रहेगा।
जेडीए ने शहरवासियों से भी इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। प्राधिकरण के अनुसार, लोग अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकते हैं। साथ ही स्वस्थ और पर्यावरण के अनुकूल आदतें अपनाकर 'मिशन लाइफ' के उद्देश्य को आगे बढ़ाया जा सकता है।