
संविधान के तहत बनी संस्थाओं को किया जा रहा कमजोर : अशोक गहलोत
संविधान की 75वीं वर्षगांठ पर चर्चा के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की टिप्पणियों पर उन पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार के दौरान संविधान के तहत गठित सभी संस्थानों को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज हम क्यों कह रहे हैं कि लोकतंत्र ख़तरे में है? संविधान के तहत बनी संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है, यह खतरा है। गहलोत ने आगे आरोप लगाया कि संविधान पर खतरा मंडरा रहा है और सरकार द्वारा बिना किसी बहस के पारित किए जा रहे विधेयकों से 'अविश्वास' की स्थिति पैदा हो गई है।
गहलोत ने आगे कहा कि कई सरकारें बदलीं। बदलाव और संवैधानिक संशोधन होते रहे हैं लेकिन संविधान पर मंडराते खतरे को लेकर फर्क है। आज संविधान बचाओ दिवस मनाया जा रहा है तो फिर ऐसी स्थिति क्यों पैदा हुई? उन्होंने कहा कि संविधान संशोधन के समय कुछ ऐसी प्रक्रियाएं अपनाई गई होंगी। कई बार मामलों पर बहस करनी पड़ती है लेकिन इस सरकार द्वारा शॉर्टकट तरीके से बिल पास करने से लोगों में अविश्वास की स्थिति पैदा हो गई है।