Dark Mode
राजस्थान में दिन में तेज गर्मी, रात में बढ़ी ठंडक

राजस्थान में दिन में तेज गर्मी, रात में बढ़ी ठंडक

जयपुर। राजस्थान में अक्टूबर की शुरुआत के बावजूद दिन के तापमान में तेज गर्मी का दौर बना हुआ है। प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में दिन के समय गर्मी का असर अधिक देखने को मिल रहा है और कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान झुंझुनूं जिले के पिलानी में 40.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरी ओर, प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है। सीकर, भीलवाड़ा, उदयपुर और नागौर सहित कई शहरों में रात के समय ठंडक बढ़ने लगी है। शुक्रवार को सीकर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। अजमेर, भीलवाड़ा, सीकर, कोटा और उदयपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह राजस्थान में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। शनिवार से मौसम साफ रहने की संभावना है और तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। दिन के समय अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 30 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम के इस बदलाव से प्रदेश में दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने लगा है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हो रही है, जबकि रात और सुबह के समय कई इलाकों में हल्की ठंडक का अहसास होने लगा है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!