सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 जिले में होगा आयोजित
’अगस्त से प्रारंभ होगा अभियान
सोमवार को कार्यशाला आयोजित कर दिया जाएगा प्रशिक्षण’
सवाई माधोपुर । जिले में सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान 5.0 अगस्त माह से संचालित होगा। अभियान के अंतर्गत जिले में टीकाकरण से वंचित व छूटे हुए 0 से 5 साल तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीना ने बताया कि अभियान में टीकाकरण करने के लिए बच्चों व गर्भवती महिलाओं का हैड काउंट सर्वे करवा कर उन्हें चिन्हित किया जाएगा। अभियान के तहत टीकाकृत किए गए बच्चों और गर्भवती महिलाओं के कवरेज की एंट्री यूविन सॉफ्टवेयर में की जाएगी। सॉफ्टवेयर के माध्यम से ही प्रदेश के लाभार्थी गर्भवती महिला व बच्चों को टीके देश में कहीं भी लगाए जा सकेंगे और उनकी एंट्री यूविन सॉफ्टवेयर में हो सकेगी। चिकित्सा विभाग की ओर से हर वर्ष प्रदेश भर में करीबन 44 लाख मां बच्चों को टीके लगाए जाते हैं। इनमें 18 लाख 37 हजार गर्भवती व 16 लाख 5 हजार बच्चे शामिल हैं।
यूविन पोर्टल से होंगे ये लाभ:- कोविन पोर्टल की तर्ज पर बनाए गए यूविन पोर्टल के जरिए अब जच्चा बच्चा को लगने वाले टीकों के टीकाकरण कार्ड को अब संभालकर रखने की आवश्कता नहीं रहेगी। अब टीकाकरण कहां, कब लगा और अगला टीका कब लगना है जैसी सभी महत्वपूर्ण जानकारियों का रिकॉर्ड न केवल चिकित्सा विभाग के पास उपलब्ध रहेगी बल्कि लाभार्थी के स्वयं के मोबाइल पर भी उपलब्ध होगी। इसके साथ ही अलर्ट मैसेज भी आऐंगे। लाभार्थी को लगाए गए टीकों का प्रमाण पत्र कम्प्यूटर के जरिए ऑनलाइन निकाला जा सकेगा।
अभियान तीन चरणों में होगा आयोजित:- मिशन इंद्रघनुष अभियान तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण 7 अगस्त से 12 अगस्त तक, द्वितीय चरण 11 से 16 सितंबर तक और तृतीय चरण 09 से 14 अक्टूबर 2023 तक आयोजित किया जाएगा।
पांच साल में सात बार लगते हैं टीके:- बच्चों को नियमित टीकाकरण के जरिए पांच साल में बीसीजी, हेपेटाइटिस, डिप्थीरिया, पोलियो जैसे टीके सात बार लगाए जाते हैं। बच्चे के जन्म के समय, डेढ माह पर, ढाई माह पर, साढे तीन माह पर, 9 माह पर, डेढ साल पर व 5 साल पर टीके लगाए जाते हैं। इन टीकों से वंचित बच्चों को टीकाकृत करने के लिए अभयान का आयोजन कया जा रहा है।
जिला स्तरीय कार्यशाला में दिया जाएगा प्रशिक्षण:- सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान 5.0 व यूविन एप के आमुखिकरण हेतु सोमवार 10 जुलाई को स्वास्थ्य भवन में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला में जिला स्तरीय समस्त सांख्यिकी अधिकारी, जिला आशा समन्वयक, जिला आर आई समन्वयक, जिला कार्यक्रम समन्वयक यूनिसेफ, समस्त बीसीएमओ, बीपीएम, बीएचएस, बीएनओ, खंड स्तरीय सांख्यिकी कार्मिक, पब्लिक हैल्थ मैनेजर व एसीडीईओ भाग लेंगे।