Dark Mode
असित मोदी पर लगे आरोपों की जांच शुरू, एक्ट्रेस ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप

असित मोदी पर लगे आरोपों की जांच शुरू, एक्ट्रेस ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप

तारक मेहता का उल्टा चश्मा फेम एक्ट्रेस जेनिफर मिस्त्री ने शो के प्रोड्यूसर असित मोदी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। उनकी लिखित शिकायत पर अब मुंबई पुलिस ने केस की जांच शुरू कर दी है। हालांकि इस केस में FIR दर्ज किया जाना बाकी है। पुलिस का कहना है कि वो जल्द ही इस मामले से जुड़े सभी लोगों का स्टेटमेंट रिकॉर्ड करेगी। जेनिफर ने अपनी शिकायत में असित के अलावा शो के कुछ अन्य क्रू मेंबर्स पर भी यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। दैनिक भास्कर से बातचीत के दौरान जेनिफर मिस्त्री ने असित पर आरोप लगाते हुए कहा है कि वे कई सालों से उनके साथ बुरा बर्ताव करते आए हैं। उन्होंने कहा, 'ये सिलसिला 2019 से चल रहा है। हम शूटिंग के लिए सिंगापुर गए थे। उस वक्त असित बार-बार मेरे साथ बदतमीजी कर रहे थे। वो मुझे बार-बार कॉल कर अपने कमरे में बुलाते थे, जब मैं मना करती थीं तो कहते थे कि मजाक कर रहे हैं, लेकिन वो ऐसा लगातार कर रहे थे। एक्ट्रेस ने बताया कि सालों से उनके साथ सेट पर बुरा बर्ताव किया जा रहा है। असित उन्हें बार-बार कमरे में बुलाते थे और आपत्तिजनक मैसेज भी भेजते थे। असित की हरकतों से परेशान होकर जेनिफर ने शो छोड़ दिया है और प्रोड्यूसर को लीगल नोटिस भेजा है। जेनिफर शो में रोशन सिंह सोढ़ी का रोल प्ले कर रही थीं।

मेरे होठों की तारीफ करते थे, मैसेज भेजते थे
जेनिफर ने आगे कहा, 'वो (असित मोदी) सबके सामने बैठकर मेरे होठों की तारीफ करते थे, जो मुझे पसंद नहीं था। वो मुझे पर्सनल मैसेज भेजते थे, जिन्हें मैं लगातार इग्नोर करती थी। वो मुझे इनडायरेक्ट एप्रोच कर रहे थे। मेरी सालगिरह के अगले दिन उन्होंने मुझे कॉल करके कहा कि अब तो सालगिरह भी खत्म हो गई अब तो कमरे में आ जाओ। मुझे ये सब सुनकर बहुत बुरा लगता था और मैं काफी रोती भी थी।'

शो के प्रोजेक्ट हेड सुहेल रमानी ने दी जेनिफर को धमकी
जेनिफर मिस्त्री ने असित मोदी के अलावा शो के प्रोजेक्ट हेड सुहेल रमानी द्वारा धमकी मिलने का भी खुलासा किया है। उन्होंने कहा, इसी साल होली पर मेरी एनिवर्सरी थी। 7 मार्च की बात है, मैंने काम से छुट्टी लेकर जाने के लिए चार बार पूछा। वो मुझे जाने नहीं दे रहे थे। जब मैं गुस्से में निकली तो सुहेल ने जबरन मेरी गाड़ी रोकी। मैंने उनसे कहा भी कि मैंने 15 साल इस शो में काम किया है और मेरे साथ कोई ऐसे जबरदस्ती नहीं कर सकता है। इतने पर मुझे सुहेल ने मुझे धमकी दी।' बता दें कि जेनिफर ने अब असित मोदी, सुहेल रमानी और जतिन बजाज के खिलाफ लीगल नोटिस भेजा है।

मैं अब तक असित मोदी के परिवार और उनकी बेटी के लिए चुप थी- जेनिफर
जेनिफर ने आगे कहा, 'ये मेरे साथ पिछले कई सालों से हो रहा है लेकिन मैं अब तक असित, उनकी बेटी और परिवार की वजह से चुप रही। 2019 में मैंने अपने को-स्टार्स से भी इस सेक्शुअल हैरेसमेंट के बारे में बताया था। उस वक्त उन्होंने सपोर्ट किया था, लेकिन आज मेरे पति और मेरे ससुराल वालों के अलावा कोई मेरे सपोर्ट में नहीं है।'

इस शो में लोग पुरुषवादी सोच से पीड़ित
वह अक्सर मेल एक्टर के साथ एडजस्ट कर लेते हैं। इस शो में लोग पुरुषवादी सोच से पीड़ित हैं। जतिन ने मेरी कार को जबरन रोका। ये सभी CCTV फुटेज में भी देख सकते हैं। ये घटना 7 मार्च की है। मुझे लगा कि ये लोग मुझे कॉल करेंगे, लेकिन 24 मार्च को सुहेल ने मुझे नोटिस भेजा कि मैंने शूट छोड़ा था, इसलिए वो मेरा पैसा काट रहे हैं। उन्होंने मुझे डराने की कोशिश की थी।’

असित मोदी ने कहा- जेनिफर के अंदर अनुशासन की कमी थी, अब शो को बदनाम कर रहीं
जेनिफर द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद अब प्रोड्यूसर असित मोदी ने अपनी सफाई पेश की है, उन्होंने कहा- “सेट पर जेनिफर के पास बेसिक अनुशासन की कमी थी और वह अपने काम पर ध्यान नहीं दे रही थी। हमें अक्सर उनके बिहेवियर के बारे में प्रोडक्शन हेड से शिकायत करनी पड़ती थी। अपने आखिरी दिन वह पूरी यूनिट के सामने गाली-गलौज कर रही थी और अपना शूट खत्म किए बिना ही सेट से चली गई। उनकी डायरेक्शन टीम के सदस्यों ने कहा- वो आए दिन पूरी टीम के साथ शो में बुरा बर्ताव करती थीं। शूटिंग से बाहर निकलते समय, उन्होंने लोगों की परवाह न करते हुए अपनी कार को बहुत तेजी में बाहर निकाला। उन्होंने सेट को भी नुकसान पहुंचाया। इसी अनुशासनहीनता की वजह से उन्हें शो से बाहर किया गया और उनका कॉन्ट्रैक्ट खत्म करना पड़ा। इस घटना के दौरान असित जी यूएस में थे। वह अब बेबुनियाद आरोप लगाकर हमें और शो को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं।

 

 

 

 

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!