Dark Mode
कुवैत के डिसेलिनेशन प्लांट पर ईरान का हमला, भारतीय कर्मचारी की जान गई

कुवैत के डिसेलिनेशन प्लांट पर ईरान का हमला, भारतीय कर्मचारी की जान गई

कुवैत सिटी। ईरानी हमले से कुवैत का बिजली और पानी का डिसेलिनेशन ( विलवणीकरण संयंत्र) प्लांट क्षतिग्रस्त हो गया है। कुवैती अधिकारियों का कहना है कि हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई। हमले में इमारत को भौतिक नुकसान पहुंचा है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब युद्ध से क्षेत्रीय तनाव बढ़ रहा है।

अल जजीरा चैनल और सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, कुवैत के बिजली मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान में कहा, " ईरान ने देश के एक बिजली और पानी के डिसेलिनेशन प्लांट में स्थित एक सर्विस बिल्डिंग पर हमला किया है। इस हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई और इमारत को काफी भौतिक नुकसान पहुंचा है।"

बयान के अनुसार, हमले के बाद की स्थिति से निपटने और कामकाज को सामान्य रूप से जारी रखने के लिए तकनीकी और आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों को तुरंत भेजा गया। ईरान ने अभी तक इस हमले पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। सरकारी मीडिया ने कुवैत के मंत्रालय के हवाले से कहा कि हमले के कारण प्लांट को भारी नुकसान पहुंचा है। कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने कल शाम कहा था कि कुवैत के हवाई क्षेत्र में 14 मिसाइलें और 12 ड्रोन देखे गए। उनमें से कई ड्रोन एक सैन्य शिविर को निशाना बना रहे थे। इस दौरान 10 सैनिक घायल हो गए।

पिछले माह 28 फरवरी से अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच छिड़ा युद्ध समय गुजरने के साथ और आक्रामक हो रहा है। ईरान के आधिकारिक मीडिया के अनुसार, ईरान की संसद के स्पीकर ने अमेरिका को जमीनी हमले के खिलाफ चेतावनी दी है। धमकी दी है कि अगर ईरान पर जमीनी हमला होता है तो अमेरिकी सहयोगियों पर हमले तेज किए जाएंगे।

 

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को कहा कि इजराइल दक्षिणी लेबनान में अपने हमले का दायरा बढ़ाएगा। इजराइली सेना पड़ोसी देश में "मौजूदा सुरक्षा पट्टी" का विस्तार करेगी। अधिकारियों ने बताया कि अमेरिकी मूल के इजराइली सैनिक सार्जेंट मोशे यित्ज़ाक हाकोहेन काट्ज़ दक्षिणी लेबनान में लड़ाई के दौरान मारे गए।

डिसेलिनेशन प्लांट का उपयोगः यहां समुद्र के खारे पानी से नमक और अन्य खनिजों को अलग कर उसे पीने योग्य बनाया जाता है। इसका औद्योगिक उपयोग भी किया जाता है। इन संयंत्रों को अकसर पावर प्लांट के साथ जोड़ा जाता है, क्योंकि डिसेलिनेशन एक ऊर्जा-गहन प्रक्रिया है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!