Dark Mode
ईरान-इजराइल तनाव : खामेनेई का जंग का ऐलान, फतह मिसाइल से हमला

ईरान-इजराइल तनाव : खामेनेई का जंग का ऐलान, फतह मिसाइल से हमला

तेहरान। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई ने मंगलवार देर रात इजराइल के खिलाफ जंग का ऐलान कर दिया। उन्होंने X पर लिखा- जंग शुरू होती है। हम आतंकी इजराइल को कड़ा जवाब देंगे। उन पर कोई दया नहीं दिखाएंगे। इस ऐलान के बाद ईरान ने इजराइल पर 25 मिसाइलें दागीं। ईरानी मीडिया में छपी खबरों के मुताबिक, ईरान की सैन्य शाखा IRGC (इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स) ने कहा कि बुधवार सुबह इजराइल पर फतह मिसाइल से हमला किया गया है। यह पहली बार है जब इस जंग में फतह-1 का इस्तेमाल किया गया है। फतह मिसाइल 'हाइपरसोनिक' है, यानी यह आवाज की गति से पांच गुना तेज उड़ती है। IRGC ने कहा कि फतह मिसाइलों ने इजराइल के एयर डिफेंस सिस्टम को भेद दिया और बार-बार उनके सुरक्षित ठिकानों को निशाना बनाया। हालांकि इससे इजराइल को कितना नुकसान पहुंचा है, इसकी कोई सूचना नहीं है। इस बीच वॉशिंगटन स्थित एक ह्यूमनराइट्स ग्रुप ने दावा किया है कि ईरान में मौत का आंकड़ा अब 585 हो चुका है। जबकि 1,326 लोग घायल हुए हैं। ईरान की सरकार ने अब तक मौतों की पूरी जानकारी साझा नहीं की है। आखिरी बार ईरान ने सोमवार को हताहतों की जानकारी शेयर की थी। सरकार के मुताबिक इस लड़ाई 224 ईरानी मारे गए हैं, जबकि 1,277 घायल हुए हैं।

 

चीन ने इजराइल-ईरान से अपने 700 से ज्यादा नागरिक निकाले


चीन ने बताया कि उसने इजराइल और ईरान से अपने 700 से ज्यादा नागरिकों को निकाला गया है। चीन विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इन नागरिकों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया है और 1,000 से ज्यादा लोगों को निकाले जाने की कोशिश चल रही है। मंत्रालय ने कहा कि ईरान और इजराइल के बीच चल रहे संघर्ष में अब तक कोई भी चीनी नागरिक नहीं मारा गया है।


ईरान बोला- अमेरिका ने दखल दिया तो पूर्ण युद्ध छिड़ेगा


ईरान के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि अगर इजराइल के खिलाफ उसके टकराव में अमेरिका घुसा, तो पूर्ण युद्ध छिड़ जाएगा। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघेई ने न्यूज चैनल अल जजीरा पर लाइव इंटरव्यू में यह बयान दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को इजराइल का साथ देने के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था, 'अब ईरान के आसमान पर हमारा कब्जा है। हम अच्छे से जानते हैं कि सुप्रीम लीडर कहां छिपा है। उस तक पहुंचना बहुत आसान है, लेकिन हम उसे मारेंगे नहीं। कम से कम अभी तो नहीं।'

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!