इजराइली ने लेबनान पर किए हवाई हमले, हिजबुल्लाह ने इजराइल पर दागे ड्रोन
यरूशलम। इजराइली सेना ने शिया मिलिशिया हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाकर रविवार तड़के लेबनान में हवाई हमले किए और कहा कि चरमपंथी समूह द्वारा ‘‘इजराइली क्षेत्र की ओर मिसाइल और रॉकेट दागने की तैयारी करने’’ के मद्देनजर ये हमले किए किए। इसके कुछ ही देर बाद हिजबुल्लाह ने रविवार सुबह घोषणा की कि उसने बेरूत में उसके एक कमांडर की हत्या का बदला लेने के लिए बड़ी संख्या में ड्रोन दागकर इजराइल पर हमला किया है।
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि वह और उनके रक्षा मंत्री योआव गैलेंट तेल अवीव में सैन्य मुख्यालय से इस अभियान का प्रबंधन कर रहे थे। गैलेंट ने ‘‘घरेलू मोर्चे पर विशेष स्थिति’’ की घोषणा की। इन हमलों के कारण क्षेत्र में व्यापक पैमाने पर युद्ध छिड़ने का खतरा बढ़ गया है और इससे गाजा में युद्ध विराम समझौते के प्रयास विफल हो सकते हैं। इजराइली सेना ने एक बयान जारी कर हिजबुल्लाह द्वारा ‘‘इजराइली क्षेत्र की ओर मिसाइल और रॉकेट दागने की तैयारी किए जाने’’ का दावा किया। इजराइली सेना के प्रवक्ता रियर एडमिरल डेनियल हगारी ने कहा, ‘‘इन खतरों से बचने के लिए (इजराइली सेना द्वारा) आत्मरक्षा में लेबनान में उन आतंककवादी ठिकानों पर हमला किया जा रहा है, जहां से हिजबुल्लाह इजराइल के आम नागरिकों पर हमले करने की साजिश रच रहा था।’’
हगारी ने सचेत किया कि हिजबुल्लाह इजराइल में ‘‘जल्द ही रॉकेट और संभवतः मिसाइल’’ एवं ड्रोन दागेगा। इसके तुरंत बाद ही उत्तरी इजराइल में सायरन बजने लगे। इस बीच, हिजबुल्लाह ने कहा कि उसने ‘‘एक अहम इजराइली सैन्य स्थल को निशाना बनाकर हमला किया है और इस स्थल के संबंध में बाद में जानकारी दी जाएगी’’ तथा साथ ही ‘‘दुश्मन के कई स्थलों एवं बैरकों और ‘आयरन डोम’ मंचों को भी निशाना बनाया गया।’’