ISRO चीफ बोले- स्पेस सेक्टर में ज्यादा इंवेस्टमेंट की जरूरत
चंद्रयान-3 की सफलता से स्पेस वेंचर में इन्वेस्टमेंट को बढ़ावा मिलने की उम्मीद तेजी से बढ़ी है। बीते हफ्ते इसरो के सप्लायर्स और उनसे जुड़ी कंपनियों के शेयर्स की कीमतों में भी तेजी देखी गई।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक लार्सन एंड टूब्रो (L&T) और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (HAL) समेत 20 कंपनियां स्मॉल सैटेलाइट लॉन्चिंग व्हीकल के प्राइवेटाइजेशन के लिए होने वाली नीलामी में बोली लगा सकती हैं।
इस बीच, इसरो चीफ एस सोमनाथ का भी एक बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि भारत के पास चंद्रमा, मंगल और शुक्र की यात्रा करने की क्षमता है लेकिन हमें और ज्यादा इन्वेस्टमेंट की जरूरत है। एस सोमनाथ बोले- "भारत के पास चंद्रमा, मंगल और शुक्र ग्रह की यात्रा करने की क्षमता है लेकिन हमें अपना आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ और ज्यादा इन्वेस्टमेंट्स की जरूरत है। हमारे स्पेस सेक्टर में डेवलपमेंट होना चाहिए। इससे साथ ही पूरे देश का विकास होना चाहिए, यही हमारा मिशन है। हम उस विजन को पूरा करने के लिए तैयार हैं जो पीएम मोदी ने हमें दिया था।"
चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के चार दिन बाद इसरो चीफ एस सोमनाथ रविवार को केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित पौर्णमिकवु-भद्रकाली मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने माता काली की पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद लिया। इस मंदिर में बाला भद्र देवी के रूप में हिन्दू धर्म की देवी काली की पूजा-अर्जना होती है। यहां देवी अपने पांच अलग-अलग रूपों में स्थापित हैं, जिनमें बाला भद्र, वीरा भद्र, रौद्र भद्र, क्रोध भद्र और संहार भद्र शामिल है।
साइंटिस्ट होने के बावजूद पूजा-पाठ करने के सवाल पर इसरो चीफ ने कहा- मैं एक एक्सप्लोरर हूं। मैं चंद्रमा को एक्सप्लोर करता हूं। साइंस और स्पिरिचुअलिटी दोनों की खोज करना मेरे जीवन की यात्रा का एक हिस्सा है। मैं कई मंदिरों में जाता हूं और कई धर्मग्रंथ पढ़ता हूं। बाहरी चीजों की खोज के लिए मैं विज्ञान का सहारा लेता हूं और अंदर की चीजों को खंगालने के लिए मंदिरों में आता हूं। SSLV को डेवलप करने का मकसद छोटे सैटेलाइट लॉन्च करना है। इसके पहले पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (PSLV) का इस्तेमाल लॉन्चिंग में बहुत ज्यादा किया जाता रहा है। SSLV के चलते अब यह बड़े मिशन के लिए फ्री हो सकेगा। SSLV 10KG से 500KG तक के ऑब्जेक्ट को 500 किलोमीटर दूर प्लैनर ऑर्बिट में ले जा सकता है। इसे ISRO ने डेवलप किया है।
इसरो का यह लॉन्चर कम्युनिकेशन और डेटा के लिए सैटेलाइट क्लस्टर को लॉन्च करने के लिए मार्केट बूम लेकर आया। फिलहाल ग्लोबल मार्केट में इसमें इसरो का कॉम्पीटिशन स्पेसएक्स से है।
जुलाई में शुरू हो चुकी है बिडिंग भारत की नई स्पेस रेग्युलेटरी बॉडी इंडियन नेशनल स्पेस प्रमोशन एंड ऑथराइजेशन सेंटर (IN-SPACe) ने कंपनियों को उनका इंटरेस्ट रजिस्टर करने की परमिशन देकर जुलाई 2023 में SSLV प्रोग्राम पर बिडिंग शुरू की है। यह पूरी तरह से प्राइवेटाइज होने वाला पहला भारतीय रॉकेट होगा, जिसका मतलब है कि बिडिंग जीतने वाला पूरे प्रोग्राम को टेक ओवर कर लेगा।
भारत अगले 10 साल में ग्लोबल सैटेलाइट मार्केट में 5 गुना हिस्सेदारी का लक्ष्य लेकर चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस पॉलिसी ड्राइव के बाद लगभग 20 कंपनियों ने प्राइवेटाइजेशन पर बोली लगाने में इंटरेस्ट दिखाया है।