इटली में बाढ़ से 9 लोगों की मौत, हजारों बेघर
इटली में मंगलवार को भारी बारिश के बाद बाढ़ आ गई। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, 9 लोगों की मौत हो गई। वहीं, सिविल प्रोटेक्शन मिनिस्टर नेलो मुसुमेसी ने कहा- जितनी बारिश सालभर में होती है उसकी आधी तो पिछले 36 घंटे में हो गई है। इटली में सालभर में आमतौर पर 1000 मिलीमीटर बारिश होती है। वहीं, 36 घंटों में 500 मिलीमीटर बारिश हो गई है। अधिकारियों ने कहा- एमिलिया-रोमाग्ना रीजन बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। यहां इलाकों में भूस्खलन भी हुआ है। लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। तीन शहरों- फेजा, सेसेना और फॉर्ली में सड़कें पूरी तरह से पानी में डूब गई हैं। कई घरों को नुकसान पहुंचा है। हजारों लोग बेघर हो गए हैं। कुछ लोग घरों में फंसे भी हुए हैं। भारी बारिश और बाढ़ के चलते इटली के इमोला में होने वाले फार्मूला वन के इवेंट को कैंसिल कर दिया गया है। आयोजकों ने कहा हम किसी भी तरह का रिस्क नहीं ले सकते हैं। सोशल मीडिया पर कई फोटो और वीडियो वायरल हो रहे हैं। इनमें बाढ़ से हुई तबाही और लोगों को मदद के लिए इंतजार करते हुए देखा जा सकता है। वहीं, एक वीडियो में कोस्ट गार्ड लोगों को एयरलिफ्ट करते दिखाई दे रहे हैं।
ग्रैंड प्रिक्स फार्मूला वन रेसिंग कैंसिल हुई भारी बारिश के बाद एमिलिया-रोमाग्ना रीजन में होने वाली कार रेसिंग चैम्पियनशिप- फार्मूला वन (F1) को कैंसिल कर दिया गया है। फार्मूला वन के एक अधिकारी ने कहा- बाढ़ के कारण ट्रैक पर पानी भर गया है। सुरक्षा कारणों को देखते हुए रेस को फिलहाल रद्द कर दिया गया है।
अब तक 5 हजार लोगों का रेस्क्यू कोस्ट गार्ड के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक 5 हजार लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है। एमिलिया-रोमाग्ना रीजन की 15 नदियां उफान पर हैं। पिछले साल सितंबर में इसी इलाके में बाढ़ आई थी। तब 12 लोगों की मौत हुई थी। कुछ लोगों ने बताया कि अस्पताल, एयरपोर्ट जाने वाले रास्ते पूरी तरह से डूब गए हैं। कई गांवों का शहरों से संपर्क टूट गया है।