जयपुर: जयपुर में केमिकल व पेट्रोकेमिकल औद्योगिक सुरक्षा पर दो दिवसीय प्रशिक्षण
जयपुर। रसायन एवं पेट्रोरसायन क्षेत्र में औद्योगिक सुरक्षा मानकों को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत रसायन एवं पेट्रोरसायन विभाग, रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा “केमिकल और पेट्रोकेमिकल औद्योगिक सुरक्षा” विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 15 एवं 16 जनवरी को केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं तकनीकी संस्थान (सिपेट), जयपुर में किया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम देश की 100 दिवसीय कार्ययोजना विकसित भारत@2047 के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य रसायन एवं पेट्रोरसायन उद्योग में सुरक्षा, स्थिरता और जवाबदेही को बढ़ावा देना है। इस पहल के माध्यम से भारत सरकार सुरक्षित एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार औद्योगिक परिदृश्य के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ कर रही है। सिपेट के प्रधान निदेशक श्री संजय चौधरी ने बताया कि रसायन एवं पेट्रोकेमिकल्स विभाग उच्च जोखिम वाली इकाइयों में कार्यरत पेशेवरों की क्षमताओं को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में सिपेट जयपुर में यह दो दिवसीय निःशुल्क एवं आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न केमिकल उद्योगों की दुर्घटना जोखिम इकाइयों (MAH) से जुड़े प्रतिनिधियों एवं कार्मिकों को विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें कार्यस्थल पर रासायनिक एवं पेट्रोकेमिकल वातावरण में संभावित खतरों की पहचान, सुरक्षा प्रोटोकॉल, जोखिम प्रबंधन, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों जैसे OSHA, NFPA और EPA के अनुपालन, तथा खतरनाक रसायनों के अपशिष्ट प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल होंगे। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले ये पेशेवर दैनिक संचालन के सुरक्षित प्रबंधन, सुरक्षा नियमों के प्रभावी अनुपालन तथा जोखिम न्यूनीकरण रणनीतियों को लागू करने में अहम भूमिका निभाएंगे। यह कार्यक्रम न केवल औद्योगिक सुरक्षा को मजबूती देगा, बल्कि रसायन एवं पेट्रोरसायन क्षेत्र में सतत विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।