दौसा में जल्द खुलेगी जनता क्लीनिक
सीएमएचओ ने किया निरीक्षण
दौसा . दौसा में जल्द ही जनता क्लीनिक यानि शहरी स्वास्थ्य कल्याण केन्द्र खोले जाएंगे। दौसा शहर में रेलवे स्टेशन के पास ओवर ब्रिज के नीचे खुलने वाले शहरी स्वास्थ्य कल्याण केन्द्र का सोमवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. सुभाष बिलोनिया, डीपीएम एनएचएम गौरव गुप्ता, अरबन हैल्थ प्लानिंग कंसलटेंट पूजा सैनी ने केन्द्र के भवन का निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि शहरी स्वास्थ्य कल्याण केन्द्र के लिए भवन लिया जा चुका है और उसमें रंग-रोगन करा दिया गया है। शेष कार्य भी अतिशीघ्र पूरा करा लिया जाएगा। इसके बाद आमजन को यहां चिकित्सा सुविधाएं और राज्य सरकार की सभी चिकित्सा योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। आमजन इस क्लीनिक पर मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना, मुख्य निशुल्क जांच योजना, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधित योजनाओं का लाभ ले सकेंगे।
डाॅ. बिलोनिया ने बताया कि इसके अलावा दौसा शहर में एक और यानि दौसा शहर में कुल दो, लालसोट में दो और मंडावरी में एक यानि कुल पांच शहरी स्वास्थ्य केन्द्र दौसा जिले में खोले जाने हैं। जिनका कार्य चल रहा है और अतिशीघ्र सभी क्लीनिक जनता को सर्मपित किए जाएंगे।