Dark Mode
7.1 की तीव्रता वाले भूकंप से दहला जापान, सुनामी की चेतावनी

7.1 की तीव्रता वाले भूकंप से दहला जापान, सुनामी की चेतावनी

संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, गुरुवार को दक्षिणी जापान में 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। स्थानीय मौसम विज्ञान एजेंसी ने तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। पूरे क्षेत्र में भूकंप के प्रभाव को दर्शाने वाले कई वीडियो सामने आए हैं। मॉल के अंदर के फ़ुटेज में दुकानों में लटके कपड़े तेज़ी से लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं। भूकंप के झटके आते ही सड़कों पर कारें हिलती देखी गईं, जिससे निवासियों में अफरा-तफरी और डर बढ़ गया।


इसका केंद्र जापान के दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू के पूर्वी तट पर लगभग 30 किलोमीटर (18.6 मील) की गहराई में था। भूकंप के सबसे जबरदस्त झटके क्यूशू द्वीप के मियाजाकी प्रांत के निचिनान शहर और आसपास के इलाकों में महसूस किये गये। एजेंसी ने कहा कि भूकंप आने के लगभग आधे घंटे बाद क्यूशू के दक्षिणी तट के कुछ हिस्सों और निकटवर्ती शिकोकू द्वीप पर 50 सेंटीमीटर (1.6 फुट) ऊंची सुनामी की लहरें देखी गईं। मुख्य कैबिनेट सचिव योशिमासा हयाशी ने कहा कि अधिकारी भूकंप में हुई क्षति का आकलन कर रहे हैं, हालांकि इस संबंध में तत्काल कोई सूचना नहीं मिली है।


जापान के एनएचके टेलीविजन ने कहा कि भूकंप के केंद्र के निकट मियाजाकी हवाई अड्डे पर खिड़कियों के टूटने की खबरें हैं। परमाणु विनियमन प्राधिकरण ने कहा कि क्यूशू और शिकोकू पर स्थित सभी 12 परमाणु रिएक्टर सुरक्षित हैं, जिनमें से तीन वर्तमान में संचालित हैं। मार्च 2011 में आये भीषण भूकंप और सुनामी के बाद से फुकुशिमा परमाणु आपदा के बाद से परमाणु ऊर्जा संयंत्रों वाले क्षेत्रों में भूकंप एक बड़ी चिंता का विषय रहा है। जापान के उत्तर-मध्य क्षेत्र नोटो में एक जनवरी को आए भूकंप में 240 से अधिक लोगों की मौत हुई थी।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!