जोधपुर: केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शहीद रमेश पोपावत को श्रद्धांजलि दी
जोधपुर। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत आज जोधपुर पहुँचे और पश्चिम बंगाल में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए बीएसएफ के जवान रमेश पोपावत को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने जोधपुर एयरपोर्ट पर शहीद को पुष्पांजलि अर्पित की और उनके परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।
जोधपुर जिले के बोयल गाँव के निवासी शहीद रमेश पोपावत के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गाँव भेजा गया, जहाँ उनका अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में साँसी समाज के लोग मौजूद थे और उन्होंने 'रमेश पोपावत अमर रहे' के नारे लगाए।
इस दौरान पाली के सांसद पी.पी. चौधरी, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत और राजस्थान सरकार के मंत्री अविनाश गहलोत ने भी शहीद को श्रद्धांजलि दी।