भागवत कथा के शुभारम्भ से पूर्व कलश शोभायात्रा निकाली
बहरोड़। कस्बे में बाबा भास्करानंद महाराज की 21वीं पुण्यतिथि पर सोमवार से भागवत कथा का शुभारम्भ हो गया। इस अवसर पर 351 महिलाओं ने शहर के प्रमुख सड़क मार्ग से कलश शोभायात्रा निकाली। जो मंदिर से शुरू होकर शहर के बीचो-बीच से पुराना बस स्टैंड, कचहरी के सामने से तसिंग मोड होते हुए वापस मंदिर पहुंची। जहां कलश शोभायात्रा का समापन हुआ। शहर के दादा की ढ़ाणी में बना बाबा भास्करा नंद मंदिर बहरोड़ में सबसे पुराना आस्था का केन्द्र है। यहां बाबा भास्करानन्द महाराज ने तपस्या की और लोगों को सत्यता के मार्ग पर चलने के साथ-साथ पक्षियों को दाना-पानी की हमेशा व्यवस्था करने का संदेश दिया। साल 2003 में संत भास्करानन्द महाराज ब्रह्मलीन हुए थे। जिसके बाद से हर साल पुण्यतिथि पर भंडारा कार्यक्रम आयोजित होता है। वर्तमान में यहां बाबा कृष्णानंद महाराज गद्दी पर हैं। यहां आश्रम विकास समिति के द्वारा आयोजन किया जाता है।