ई-20 पर केजरीवाल का बड़ा ऐलान, 4 अगस्त को पीएम आवास तक निकालेंगे मार्च
नई दिल्ली। ई-20 ईंधन नीति को लेकर आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की कि 4 अगस्त को वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास तक मार्च निकालेंगे और ई-20 नीति में बदलाव की मांग वाली नागरिकों की याचिका सौंपेंगे।
राष्ट्रीय टाउनहॉल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री के नाम जारी ऑनलाइन याचिका पर दो लाख से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी हस्ताक्षरों की प्रतियां तैयार कर ली गई हैं और इन्हें प्रधानमंत्री तक पहुंचाने के लिए सीमित संख्या में लोगों के साथ शांतिपूर्ण मार्च निकाला जाएगा।
उन्होंने कहा कि मार्च में करीब 100 लोग शामिल होंगे, जो अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक प्रधानमंत्री आवास तक जाएंगे। इच्छुक लोगों से उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क करने की अपील भी की।
केजरीवाल ने कहा कि नागरिकों की पहली मांग है कि पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को ई-20 ईंधन और शुद्ध पेट्रोल में से अपनी पसंद का विकल्प दिया जाए। दूसरी मांग के तहत ई-20 ईंधन की कीमत सामान्य पेट्रोल से कम रखने की बात कही गई, जबकि तीसरी मांग पेट्रोल की कीमतों में कमी को लेकर रखी गई।
उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम को बड़ी संख्या में लोगों का समर्थन मिला। उनके अनुसार, सभागार पूरी तरह भरा हुआ था, बाहर भी बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और लाखों लोगों ने इस कार्यक्रम को ऑनलाइन देखा।
केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार इस पूरे अभियान पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार ई-20 को सुरक्षित बता रही है, लेकिन आंदोलन के दौरान कई तथ्यों और तर्कों के जरिए लोगों की चिंताओं को सामने रखा गया है।
प्रधानमंत्री आवास तक प्रस्तावित मार्च को लेकर उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके प्रतिनिधिमंडल को भी उतनी ही दूरी तक जाने की अनुमति मिलेगी, जितनी अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं को पहले दी गई थी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य सरकार तक जनता की आवाज पहुंचाना है।