जीत के बाद फीकी पड़ी केकेआर की खुशी, बीसीसीआई ने कप्तान नितीश राणा पर जुर्माना
इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने सोमवार को खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स को मात देकर अपनी सीजन की पांचवी जीत हासिल की। इस बेहद करीबी मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को जीत के बाद भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है। दरअसल कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान नितीश राणा ने मुकाबले में एक गलती कर दी जिस कारण उन्हें भारी जुर्माना उठाना पड़ा है। बीसीसीआई ने नितीश राणा पर स्लो ओवर रेट के कारण जुर्माना लगाया है। आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट को तोड़ने के कारण नितीश राणा को ये सजा मिली है।
कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान पर आरोप है कि उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में धीमी ओवर गति को बनाए रखा था। यानी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम तय समय पर अपने 20 ओवर नहीं डाल सकी। इस देरी का खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा है। बता दें कि न्यूनतम ओवर रेट अपराधों से संबंधित आईपीएल की आचार संहिता है। इस आचार संहिता के मुताबिक पहली बार नियमों की अवहेलना करने पर टीम पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाता है। इसी कड़ी में नितीश राणा पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगा है। इस संबंध में इंडियन प्रीमियर लीग की ओर से एक प्रेस रिलीज भी जारी की गई है। इसके तहत कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान नितीश राणा पर धीमी गति से ओवर डालने के लिए फाइन लगाया गया है। लीग की आचार संहिता के मुताबिक टीम के कप्तान के खिलाफ ये एक्शन लिया गया है। इस लीग में कोलकाता द्वारा ये पहली बार किया गया अपराध है, जिस कारण टीम के कप्तान पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगया गया है। बता दें कि तीन बार ये अपराध करने पर टीम को बैन कर दिया जाता है।
शानदार रहा मैच
वरूण चक्रवर्ती की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बाद कप्तान नितीश राणा के अर्धशतक और आंद्रे रसेल की तूफानी पारी से कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को यहां पंजाब किंग्स को पांच विकेट से हराकर प्ले ऑफ में जगह बनाने की उम्मीदों को जीवंत रखा। पंजाब के 180 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर ने नितीश राणा (51), रसेल (42) और जेसन रॉय (38) की पारियों से अंतिम गेंद पर पांच विकेट पर 182 रन बनाकर जीत दर्ज की। रिंकू सिंह (10 गेंद में नाबाद 21) ने अंतिम गेंद पर अर्शदीप सिंह पर चौका जड़कर टीम को जीत दिलाई। रसेल ने 23 गेंद में तीन छक्के और तीन चौके मारे। पंजाब की ओर से लेग स्पिनर राहुल चाहर ने 23 रन देकर दो विकेट चटकाए लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।