कुचेरा नगरपालिका का 2582.31 लाख का बजट सर्व सहमति से पारित किया गया
कुचेरा. कुचेरा शहर मे मंगलवार को स्थानीय नगरपालिका मे 2582.31 लाख का बजट नगरपालिका अध्यक्ष तेजपाल मिर्धा की अध्यक्षता में आयोजित बजट बैठक में सर्व सहमति से पारित किया गया। वर्ष 2024- 25 के लिए पारित बजट में अनुमानित राजस्व प्राप्ति 617. 51 लाख, अनुमानित पूंजीगत आय 1695 लाख और प्रारम्भिक शेष 269.80 लाख के साथ कुल 2582.31 लाख का अनुमानित बजट पारित किया गया। जिसमें पूंजीगत व्यय 1625 लाख प्रस्तावित किया गया। साथ ही 498. 05 लाख राजस्व व्यय व अन्तिम शेष 459.26 लाख प्रस्तावित किया गया। बैठक में नगरपालिका पार्षद अफसाना बानो ने सदन के समक्ष भाटीपुरा इदगाह के पास इन्टरलोक सड़क निर्माण की मांग की। वाहन संचालन हेतु फायर वाहन चालक के 2 पद व फायरमैन के 10 पदों की स्वीकृति हेतु निदेशालय से मांग की गई। साथ ही नकारा पड़े पुराने पावर हाउस की जगह को नगरपालिका के अधीन आवंटित करवाकर रैन बसैरा व फायर ऑफिस का निर्माण करवाने का निर्णय लिया गया। इसी प्रकार वरिष्ठता के आधार पर सफाई कर्मचारी को जमादार के पद पर पदौन्नती, नगरपालिका की निजी आय बढ़ाने के लिए सेप्टिक टैंकर का किराया प्रति टेंकर 2500 रू व आस-पास के गांवों हेतु प्रति टेंकर 5000 रू करने का प्रस्ताव लिया गया। वहीं
आपत्ती विज्ञप्ति प्रकाशन शुल्क 1500 से बढाकर 3000 रूपये करने, बिजली-पानी अनापत्ती प्रमाण पत्र पर शुल्क बिजली-पानी 200 रूपये, विकास शुल्क 500 रूपये व आवेदन शुल्क 10 रूपये व पानी कनेक्शन अनापत्ती में रोड़ कटिंग शुल्क माप के अनुसार करने का प्रस्ताव रखा। बैठक में पार्षद विष्णु ने पुलिस थाने के सामने लगा विद्युत ट्रांसफार्मर शिफ्ट करवाने की मांग रखी। इसी प्रकार पार्षद, खियांराम घांची, सदाम धोबी,ओमप्रकाश डुकिया, मड़ूराम, स्नेह लता आदि ने नाली, नालों व सड़कों के पेच वर्क, लूणसरा रोड़ पर टूटी जाली बदलने, यातायात व्यवस्था सुचारु करवाने, ठेले आदि व्यवस्थित करवाने की मांग रखी।