Dark Mode
12 हजार से कम में आया Lava का नया 5G फोन, बैटरी और सर्विस दोनों दमदार

12 हजार से कम में आया Lava का नया 5G फोन, बैटरी और सर्विस दोनों दमदार

नई दिल्ली। भारतीय स्मार्टफोन निर्माता लावा ने बजट 5G सेगमेंट में अपना नया स्मार्टफोन Lava Bold N2 5G लॉन्च कर दिया है। कंपनी का दावा है कि यह फोन उन ग्राहकों के लिए तैयार किया गया है जो कम कीमत में 5G कनेक्टिविटी, बड़ी बैटरी और भरोसेमंद परफॉर्मेंस चाहते हैं।

फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 6000mAh की बैटरी है, जो लंबे समय तक इस्तेमाल का दावा करती है। कंपनी के अनुसार, एक बार चार्ज करने पर यूजर्स कई घंटों तक वीडियो स्ट्रीमिंग और अन्य दैनिक कार्य आसानी से कर सकते हैं।

Lava Bold N2 5G की शुरुआती कीमत 12,999 रुपये रखी गई है। हालांकि लॉन्च ऑफर के तहत 9 जून से ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर इसकी बिक्री 11,999 रुपये की विशेष कीमत पर शुरू होगी। स्मार्टफोन को Regal Gold और Billionaire Blue रंग विकल्पों में पेश किया गया है।

कंपनी ने इस डिवाइस के साथ अपनी 'Free Service @ Home' सुविधा भी जारी रखी है। इसके तहत ग्राहकों को छोटी-मोटी तकनीकी समस्याओं या सर्विस से जुड़े मामलों के लिए सर्विस सेंटर जाने की जरूरत नहीं होगी। तकनीकी सहायता घर पर ही उपलब्ध कराई जाएगी।

डिस्प्ले की बात करें तो स्मार्टफोन में 6.75 इंच का HD+ नॉच डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। इसके अलावा फोन को IP64 रेटिंग भी मिली है, जो इसे धूल और पानी की हल्की छींटों से सुरक्षा प्रदान करती है।

परफॉर्मेंस के लिए डिवाइस में 6nm आर्किटेक्चर पर आधारित ऑक्टा-कोर UNISOC T8200 प्रोसेसर लगाया गया है। कंपनी का दावा है कि यह प्रोसेसर रोजमर्रा के कामों के साथ मल्टीटास्किंग और एंटरटेनमेंट के लिए भी बेहतर अनुभव देता है।

फोटोग्राफी के लिए फोन में 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा दिया गया है, जबकि सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मौजूद है। कैमरा सेटअप भले ही साधारण हो, लेकिन बजट सेगमेंट के हिसाब से इसे संतुलित विकल्प माना जा रहा है।

लावा का नया स्मार्टफोन किफायती कीमत, बड़ी बैटरी और 5G सपोर्ट के साथ उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकता है जो सीमित बजट में एक भरोसेमंद स्मार्टफोन की तलाश कर रहे हैं।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!