राष्ट्रपति दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन हुआ अलर्ट
खाटूश्यामजी। कस्बे के प्रसिद्ध बाबा श्याम के दरबार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन अलर्ट हो गया।अधिशासी अधिकारी अरुण शर्मा व थानाधिकारी सुभाष चंद्र यादव के नेतृत्व में हेलीपैड के आसपास व वीवीआईपी मार्ग में आ रहे अस्थाई अतिक्रमण के साथ झुग्गी झोपड़ियों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें हटाया गया। इसके साथ ही नगर पालिका प्रशासन ने अस्थाई अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि स्वत: अतिक्रमण हटा ले नहीं तो नगरपालिका प्रशासन द्वारा अस्थाई अतिक्रमण हटाया जाएगा। कार्रवाई से झुग्गी झोपड़ी व अस्थाई अतिक्रमण करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया।गौरतलब है कि राष्ट्रपति 14 जुलाई को बाबा श्याम के दरबार में पूजा अर्चना करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है उसको लेकर जिला प्रशासन सहित स्थानीय प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है।