Dark Mode
मैक्रों ने अमेरिका-ईरान समझौते और होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने की अपील की

मैक्रों ने अमेरिका-ईरान समझौते और होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने की अपील की

पेरिस। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अमेरिका और ईरान के बीच जल्दी समझौता होने की अपील की है। उन्होंने बिना किसी शर्त के और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने का आग्रह किया है। मैक्रों ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान, ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक, संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सीसी से बातचीत की है। मैक्रों कहा क‍ि उन्होंने इन सभी नेताओं को एक ही संदेश दिया है, जिसमें इस बात पर जोर दिया गया है कि अमेरिका और ईरान के लिए जल्द से जल्द किसी समझौते पर पहुंचना बेहद जरूरी है।
मैक्रों के अनुसार, सबसे पहले प्राथमिकता युद्धविराम सुनिश्चित करना और बिना किसी शर्त के होर्मुज स्‍ट्रेट को फिर से खोलना है, और यह सब अंतरराष्ट्रीय कानून के मुताबिक होना चाहिए। इसके बाद अन्य मुद्दों पर बातचीत जारी रहनी चाहिए, ताकि ईरान के परमाणु कार्यक्रम, बैलिस्टिक मिसाइलों और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे विषयों पर एक मजबूत और व्यापक समझौता हो सके।
स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, मैक्रों ने कहा कि फ्रांस इस प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार है, जिसमें ब्रिटेन के साथ मिलकर एक बहुराष्ट्रीय पहल के जरिए होर्मुज स्‍ट्रेट में समुद्री यातायात की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी शामिल है।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि क्षेत्रीय स्थिरता की शुरुआत लेबनान से होनी चाहिए और सभी पक्षों से हिंसा रोकने की अपील की। उन्होंने कहा कि फ्रांस लेबनान की सरकार को राज्य की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता बहाल करने के प्रयासों में समर्थन देता रहेगा।
लेबनान के पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशंस सेंटर के अनुसार, रविवार को इजरायली हवाई हमले में दक्षिणी शहर टायर में स्थित हिराम अस्पताल के पास एक इलाका निशाना बना, जिसमें अस्पताल के 13 कर्मचारी घायल हो गए और अस्पताल को काफी नुकसान पहुंचा।
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ समझौते की शर्तों में बदलाव करने की योजना बना रहे हैं, ताकि युद्ध को खत्म किया जा सके। वहीं ईरान भी नए प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है। ऐसा एक अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है।
न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, यह बातचीत लगातार आगे-पीछे चल रही है और इसमें कई अड़चनें आ रही हैं, जिससे प्रक्रिया फिर से शुरुआती स्थिति में जा सकती है।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!