राजसमंद में आयोजित हुआ परंपरागत खेलों का महाकुंभ : रमत
राजसमन्द. प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राजसमंद में कार्यरत वी विश फॉर सोसाइटी द्वारा अपने पाँचवें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में प्राचीन खेलों का महाकुंभ - "रमत : आओ रमवा चाला" का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। संस्था अध्यक्ष डॉ. राकेश तैलंग ने बताया कि संस्था का यह प्रयास वर्तमान जीवनचर्या में हमारी क्षीण हो रही परंपरागत लोकसांस्कृतिक धरोहरों में प्रमुख स्थान रखने वाले प्राचीन खेलों को संरक्षित रखने की ओर एक अनूठा कदम है। प्राचीन लोकसांस्कृतिक खेलों के संरक्षण व उन्हें जीवंत रखने के उद्देश्य से रविवार, 5 मार्च 2023 को "रमत : आओ रमवा चाला" कार्यक्रम का आगाज़ आदर्श विद्या मंदिर, विद्यालय, हॉउसिंग बोर्ड काॅलोनी, राजसमंद में किया गया। संस्था सचिव लेफ्टिनेंट (डॉ.) विनिता पालीवाल ने बताया कि रमत आओ रमवा चाला प्रोजेक्ट के अंतर्गत संस्था द्वारा वर्षपर्यंत बच्चों से लेकर बड़ों तक हर उम्र के लोगों के लिए विभिन्न परंपरागत खेलों की प्रतियोगिताएं एवं खेलों का समागम आयोजित होगा। कार्यक्रम समन्वयक ज्योति श्रीमाली ने बताया ये खेल बच्चों को सोशल मीडिया से दूर कर, शारीरिक क्षमताओं को बढ़ाने तथा पुरानी पीढ़ी और नयी पीढ़ी में आपसी सामंज्य बढ़ाने का एक सार्थक प्रयास है। संस्था सदस्यों द्वारा प्रातः 10 बजे से 4 बजे कंचे(अंटी), गिल्ली डंडा, होला हारी, रस्साकशी, कुलाम डाली, राम दोस, कंकर 5, टायर रेस, पोशंबा भाई पोशंबा, सुरति-मूर्ति (जगंल में आग लगी), नदी पहाड़, स्टापू, मिट्टी के खिलौने, चर भर, कपड़े की गुड़िया, आलू की साग, सितोलिया आदि खेल उम्र के अनुसार विभिन्न वर्गों में निःशुल्क रजिस्ट्रेशन कर आयोजित किये गये। कार्यक्रम के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में लगभग 150 प्रतिभागियों ने भाग लिया। जिसमें राम दोस प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में लक्ष्मण जी एवं टीम, महिला वर्ग में लवली शर्मा एवं टीम एवं बाल वर्ग में मनन एवं टीम विजेता रही। पोशंबा भाई पोशंबा में महेंद्र सिंह, सुरति-मूर्ति में तनीश दक, लंगड़ी टांग में कुलराज कुमावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विधायक महोदया श्रीमती दीप्ति माहेश्वरी ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर सितोलिया एवं रस्साकशी खेलों में हिस्सा लेकर अपने बचपन की यादों को पुनर्जीवित किया तथा कार्यक्रम के समापन समारोह में विभिन्न खेलों के विजेताओं को मेडल देकर प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में त्रिभुवन सिंह को विभिन्न खेलों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु धरणी-धरोहर सम्मान से अलंकृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्था उपाध्यक्ष उमा जोशी द्वारा किया गया। संस्था सदस्या अर्पणा पालीवाल, मोनिका बापना, सोनल दीक्षित, मोनिका राठौड़, राबिया बानू, समीक्षा त्रिवेदी, अंजलि शर्मा, श्रुति व्यास, भावना, कृति, शीवी दीक्षित, दीपाक्षी चुन्डावत आदि उपस्थित थे