नववर्ष के आगमन पर भगवान सुमतिनाथ का महामस्तकाभिषेक
सीकर। रैवासा में स्थित दिगंबर जैन भव्योंदय अतिशय क्षेत्र में नववर्ष के आगमन पर प्रतिवर्ष की भांति इस नववर्ष भी सोमवार को अतिशयकारी भगवान सुमतिनाथ के महामस्तकाभिषेक का आयोजन होगा । प्रबंध समिति ने बताया कि कार्यक्रम में भगवान सुमतिनाथ की अतिशयकारी प्रतिमा के हजारों कलशों से महामस्तकाभिषेक होंगे । कार्यक्रम संयोजक मोनू गोधा फतेहपुर व पुलकित छाबड़ा सूरत ने बताया कि मस्तकाभिषेक के इस आयोजन में सर्वप्रथम भगवान सुमतिनाथ के 1008 से अधिक कलशों से मस्तकाभिषेक होंगे । जिसके पश्चात विश्व शांति के लिए वृहद शांतिधारा होगी । कार्यक्रम में शांतिधारा पश्चात श्री सुमतिनाथ भक्तामर विधान की पूजा प्रारंभ होगी । पंकज छाबड़ा (पिंकी) व निलेश छाबड़ा दुधवा वाले ने बताया कि मस्तकाभिषेक का यह आयोजन अतिशय क्षेत्र रैवासा जी के मुख्य मंदिर में प्रात: प्रारंभ होगा और इसके पश्चात दिनभर विभिन्न आयोजन होंगे । इस अवसर पर सीकर , फतेहपुर, राणोली, जयपुर, सूरत, बैंगलोर सहित विभिन्न क्षेत्रों से जैन धर्मावलंबी सम्मिलित होंगे ।