धौलपुर में घरेलू गैस के दुरुपयोग पर बड़ी कार्रवाई, 11 सिलेंडर जब्त
धौलपुर। घरेलू गैस के दुरुपयोग एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए राज्य स्तर पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज धौलपुर शहर के पुराने बस स्टैंड स्थित चौपाटी क्षेत्र में जिला रसद कार्यालय की प्रवर्तन टीम ने सघन जांच कार्रवाई की।जांच के दौरान चौपाटी क्षेत्र में संचालित एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यवसायिक उपयोग पाया गया। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके से कार्यवाही करते हुए 11 प्रतिष्ठानों से 11 घरेलू गैस सिलेंडर, रेगुलेटर, नली एवं अन्य उपकरण जब्त कर लिए। जिला रसद अधिकारी मणि खींची ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू प्रयोजनों के लिए ही किया जा सकता है। व्यावसायिक गतिविधियों में घरेलू गैस का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है। संबंधित संचालक को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने एवं भविष्य में नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अभियान के तहत घरेलू गैस का अवैध भंडारण, व्यवसायिक दुरुपयोग, अवैध विक्रय एवं कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। जांच दल में प्रवर्तन अधिकारी गजेन्द्र बाबू शर्मा एवं जगदीश प्रसाद शर्मा तथा प्रवर्तन निरीक्षक जितेन्द्र गोठवाल शामिल रहे।