रूट का बड़ा मुकाम, तेंदुलकर से एक पारी पहले 23 हजार रन पूरे
नई दिल्ली। इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। श्रीलंका के खिलाफ मंगलवार को चेस्टर-ली-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड में खेले गए वनडे मैच में रूट ने 23 हजार अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए। उन्होंने अपनी पारी का तीसरा रन बनाते ही इस आंकड़े को छू लिया।
रूट ने यह उपलब्धि टेस्ट, वनडे और टी20 क्रिकेट को मिलाकर 521वीं पारी में हासिल की। इस तरह वह सबसे कम पारियों में 23 हजार अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 522 पारियों में यह आंकड़ा हासिल किया था।
इस सूची में भारत के विराट कोहली सबसे आगे हैं। कोहली ने महज 490 पारियों में 23 हजार अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए थे। रूट इस मुकाम तक पहुंचने वाले इंग्लैंड के पहले और दुनिया के आठवें बल्लेबाज हैं।
श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में रूट ने 44 रन की उपयोगी पारी खेली। इसके साथ उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 23,041 रन हो गए हैं। रूट ने 394 मैचों की 521 पारियों में ये रन बनाए हैं। उनके नाम 61 शतक और 122 अर्धशतक भी दर्ज हैं।
फॉर्मेट के हिसाब से देखें तो रूट का टेस्ट क्रिकेट में रिकॉर्ड सबसे ज्यादा प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 169 टेस्ट मैचों में 14,278 रन बनाए हैं, जिसमें 41 शतक और 69 अर्धशतक शामिल हैं। वनडे में रूट ने 193 मैचों में 7,870 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में उनके नाम 20 शतक और 48 अर्धशतक हैं। वहीं, 32 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 893 रन बनाए हैं, जिसमें पांच अर्धशतक शामिल हैं।
मैच की बात करें तो इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कप्तान हैरी ब्रूक ने 67 रन की पारी खेली, जबकि विल जैक्स ने 46 रन बनाए। रूट के 44 रन की मदद से इंग्लैंड ने 48.1 ओवर में 265 रन का स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी। पूरी टीम 37 ओवर में 176 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड ने मुकाबला 89 रन से अपने नाम किया। इस जीत के बीच रूट का 23 हजार अंतरराष्ट्रीय रन पूरा करना मैच का खास आकर्षण रहा।