राजस्थान पुलिस में बड़ा फेरबदल, 49 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के तबादले
जयपुर। राजस्थान सरकार ने राज्य पुलिस सेवा (आरपीएस) के अधिकारियों में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) स्तर के 49 अधिकारियों के तबादले और नए पदस्थापन के आदेश जारी किए हैं। गृह (ग्रुप-1) विभाग की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
संयुक्त शासन सचिव (पुलिस) मनीष गोयल द्वारा जारी आदेश के अनुसार जयपुर और जोधपुर पुलिस आयुक्तालय, विशेष अभियान समूह (एसओजी), एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) तथा विभिन्न जिलों में कई अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। लंबे समय से प्रतीक्षित कुछ अधिकारियों को मैदानी जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कई अधिकारियों का स्थानांतरण नई इकाइयों में किया गया है।
जोधपुर कमिश्नरेट में प्रवीण कुमार को पोकरण से स्थानांतरित कर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) बनाया गया है। वहीं वीरेन्द्र सिंह राठौड़ को जोधपुर से पोकरण (जैसलमेर) का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। जयपुर कमिश्नरेट में आलोक कुमार को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से स्थानांतरित कर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अपराध) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विशेष अभियान समूह (एसओजी) में भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। राकेश कुमार राजौरा को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसओजी) के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है। विजय सिंह को एसओजी से एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स भेजा गया है, जबकि राजेश कुमार और सुभाष गोदारा को एसओजी जयपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अतुल अग्रे को राजस्थान पुलिस अकादमी और मोहेश चौधरी को पुलिस मुख्यालय में पदस्थापित किया गया है।
जिलों में भी कई नए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों की नियुक्ति की गई है। सौरभ तिवारी को बारां, मुकुल शर्मा को उदयपुर ग्रामीण, गजेंद्र सिंह जोधा को चित्तौड़गढ़ तथा डॉ. प्रेणा शेखावत को वैर (भरतपुर) का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
गृह विभाग ने इस आदेश में दो अधिकारियों के पूर्व में जारी तबादला आदेश भी निरस्त किए हैं। चांदमल का विभागीय जांच प्रकोष्ठ, पुलिस मुख्यालय में किया गया स्थानांतरण रद्द कर दिया गया है। वहीं राजेश कुमार गुप्ता का जयपुर पुलिस आयुक्तालय में पूर्व से पूर्वी जोन में किया गया पदस्थापन भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
विभाग ने आदेश की प्रतियां संबंधित अधिकारियों और विभागों को भेजते हुए सभी स्थानांतरित अधिकारियों को शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।