माली समाज संस्था के चुनाव 12 मार्च को
मदनगंज-किशनगढ़। किशनगढ़ माली समाज की संस्था श्री फूलमालियान शिक्षण संस्था के द्विवार्षिक चुनाव आगामी 12 मार्च को आयोजित होंगे। संस्था के अध्यक्ष बिरदीचन्द मालाकार ने बताया कि नवीन कार्यकारिणी का चुनाव आगामी 12 मार्च को संस्था के कार्यालय श्री फूलमालियान पंचायत भवन में होगा। जिसके लिए गिरीराज सैनी व ओमप्रकाश गहलोत को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी दिन नवीन कार्य कारिणी का शपथ ग्रहण समारोह व होली स्नेह मिलन समारोह भी आयोजित होगा। यह निर्णय स्थानीय मालियों की ढाणी स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक में इसके द्वारा आगामी 11अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फूले की शोभायात्रा निकालने के बारे में भी चर्चा हुई जिसमें किशनगढ़, अंराई, रुपनगर, भदूण, काठोदा, रलावता, सुरसुरा, करकेड़ी, कुचील, सराणा, सिलोरा, उदयपुर कलां, बांदरसिंदरी, पाटन, तिलोनिया सहित आसपास के अन्य गांवों के लोगों के साथ शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, ऊंट व बग्घी सहित 1000 मोटरसाइकिल, 100 स्कूटी सवार महिलाओं को शामिल करने पर चर्चा की गई। बैठक में अध्यक्ष बिरदीचन्द मालाकार, उपाध्यक्ष गिरीराज सैनी, सचिव राकेश गहलोत, घनश्याम गहलोत, राजेश टाक, पवन सैनी, मुकेश सिंगोदिया, रमेश मालाकार, पायल भाटी सहित अन्य लोग मौजूद थे।