Dark Mode
बाजार में हाहाकार : शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स-निफ्टी फिसले

बाजार में हाहाकार : शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स-निफ्टी फिसले

नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को शुरुआत से ही सुस्ती छाई रही। BSE Sensex और NSE Nifty 50 दोनों सूचकांक कमजोरी के साथ खुले। शुरुआती मिनटों में हल्की खरीदारी जरूर दिखी, लेकिन जल्द ही बिकवाली का दबाव बढ़ गया।

सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स करीब 0.99 प्रतिशत और निफ्टी 1.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स 772 अंकों की गिरावट के साथ 82,902 के स्तर पर खुला और थोड़ी देर में 83,079 तक उछला, लेकिन इसके बाद दबाव बढ़ने से 82,791 के आसपास फिसल गया।

निफ्टी ने भी 236 अंकों की कमजोरी के साथ 25,571 पर शुरुआत की। शुरुआती रिकवरी के बाद यह 25,525 तक लुढ़क गया। लगातार उतार-चढ़ाव के बीच 10 बजे तक निफ्टी 25,543 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।

बाजार की चौड़ाई भी कमजोर रही। 2,660 शेयरों में से करीब 2,220 शेयर लाल निशान में थे, जबकि महज 440 शेयर हरे निशान में टिके रहे। सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयर गिरावट में थे और निफ्टी के 50 में से 44 शेयर दबाव में कारोबार कर रहे थे।

आईटी सेक्टर में भारी बिकवाली देखी गई। इंफोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजी और विप्रो जैसे दिग्गज शेयरों में 3 से 5 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज हुई। वहीं एसबीआई लाइफ, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी लाइफ और भारती एयरटेल जैसे कुछ शेयरों में हल्की मजबूती दिखी।

गौरतलब है कि पिछले कारोबारी दिन भी बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। ऐसे में निवेशकों की नजर अब दिनभर के रुझान और वैश्विक संकेतों पर बनी हुई है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!